भास्कर न्यूज | सादुलपुर सांसद राहुल कस्वां ने बुधवार को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। कस्वां ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल मिलता है। केंद्र सरकार की ओर से आम बजट 2025 में किसान क्रेडिट कार्ड पर ऋण सीमा तीन लाख रुपए से बढ़ाकर पांच लाख रुपए करने की घोषणा की गई थी, लेकिन इस वित्तीय वर्ष का थर्ड क्वार्टर आने के बावजूद आज तक इस घोषणा का क्रियान्वयन नहीं हुआ है। इस घोषणा के संबंध में किसी प्रकार का नोटिफिकेशन भी अब तक जारी नहीं हो पाया है। कस्वां ने कहा कि इस कारण बैंक इस घोषणा के अनुसार लिमिट को पांच लाख रुपए करने को तैयार नहीं हैं। केंद्र सरकार और कृषि मंत्रालय अविलंब ध्यान देकर बजट 2025-26 की घोषणा का नोटिफिकेशन जारी करते हुए किसानों को लाभांवित करने के कदम उठाए। कस्वां ने कहा कि कृषि कार्यों के दौरान आज खर्चे बढ़ते ही जा रहे हैं। एमएसपी में बढ़ोतरी से कहीं ज्यादा खेती में लागत बढ़ती ही चली गई है। राजस्थान जैसे बड़े भू-भाग वाले प्रदेश के किसानों के लिए केसीसी की लिमिट पांच लाख रुपए भी काफी कम है। इसलिए केंद्र सरकार केसीसी लिमिट को पांच लाख रुपए की बजाय सीधे ही प्रति हैक्टेयर 10 लाख रुपए कर अन्नदाता को आर्थिक रूप से राहत प्रदान करने का काम करे।


