स्कूल जाते समय 6 साल के शिवाय के अपहरण की घटना याद है? 13 फरवरी को मुरार क्षेत्र की सीपी कॉलोनी में सुबह 8 बजे जब आरती गुप्ता बेटे शिवाय को स्कूल छोड़ने पैदल जा रही थीं। तभी बाइक सवार दो युवक आए और मां की आंखों में मिर्ची झोंककर शिवाय को ले गए। बुधवार को ट्रायल कोर्ट में मां आरती के बयान दर्ज हुए। उन्होंने कहा कि वह आरोपियों को नहीं पहचानती। घटना के संबंध में जो फुटेज हैं, पुलिस ने उसे वो फुटेज तक नहीं दिखाए, सिर्फ कागज पर हस्ताक्षर कराए। यानी कि फुटेज पंचनामा संदिग्ध है। आरती ने एफआईआर में लिखी कहानी को भी गलत बताया। कहा कि यह सब उसके कहे अनुसार नहीं लिखा गया।


