विश्व दिव्यांगजन दिवस पर इंदौर की दिव्यांग एथलीट पूजा गर्ग को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट, कैंसर सर्वाइवर और सामाजिक परिवर्तन की अग्रदूत पूजा गर्ग का सम्मान किया। पूजा गर्ग की जीवन यात्रा साहस, संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है। 2010 में एक गंभीर दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी (स्पाइनल कॉर्ड) में चोट लगने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी। कठिन पुनर्वास और 13 सर्जरियों के बाद उन्होंने न केवल सामान्य जीवन की ओर वापसी की, बल्कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को भी मात दी।


