बारां में पुलिस ने एक महिला से 2 लाख रुपए के जेवर ठगने के आरोप में 2 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को 24 घंटे में धर दबोचा, आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 2 दिसंबर को धाकड़िया पाड़ा निवासी निर्मला सुमन ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमे बताया था कि वह सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने गई थीं, जहां 2 लोगों ने महिला को बातों में फंसा लिया। नकली नोट देकर महिला को फंसाया
आरोपियों ने महिला से उनके कानों के टॉप्स और मंगलसूत्र उतरवा लिए। उन्होंने महिला को सहायता के बहाने 500 रुपए के नोटों की एक गड्डी दी, जिसमें ऊपर 500 के नोट थे। आरोपियों ने महिला से कहा कि वह गड्डी रख ले और उन्हें दिल्ली-बिहार जाने के लिए ट्रेन का किराया दे दे। घर पहुंचने पर चला ठगी का पता
महिला ने अपने कानों के 2 टॉप्स और मंगलसूत्र एक काले कपड़े में बांधकर अपने थैले में डाल दिए। आरोपियों ने भी कपड़े की थैली में पैक नोटों की गड्डी महिला के थैले में डाल दी। उन्होंने थैले की गांठ लगाकर महिला को वापस दे दिया और ऑटो में बिठाकर घर भेज दिया। घर जाकर जब महिला ने थैला खोला तो काले कपड़े में जेवरों की जगह कंकड़ मिले, और नोटों की गड्डी में 500 रुपए के 5 नकली नोट निकले। इसके बाद महिला ने तुरंत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़े बदमाश
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। फुटेज के आधार पर 2 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने रघुवीर नगर, नई दिल्ली निवासी शशि गुप्ता (पुत्र मोहनलाल गुप्ता) और घोड़े वाली मंडी, नई दिल्ली निवासी गोलू (पुत्र तेजा राठौर) को गिरफ्तार किया है। उन्हें बापर्दा रखा गया है और उनसे गहनता से पूछताछ जारी है। पुलिस महिला से ठगे गए माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम में सीआई योगेश चौहान, हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार, धीरेंद्र सिंह, अमरचंद, हरीश भाटी, कृष्ण मुरारी, चंद्रभान और अनिल शामिल रहे।


