बालाघाट जिले में सड़क हादसों में मौत का एक और मामला सामने आया है। लालबर्रा थाना क्षेत्र के छतेरा निवासी ज्ञानीचंद पिता स्व. परसराम टेंभरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वे बुधवार देर शाम दुपहिया वाहन से गिर गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। जानकारी के अनुसार, ज्ञानीचंद अपने बहनोई के साथ औहल्याकन्हार में बुआ की अंत्येष्टि में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय छतेरा राममंदिर के सामने वे अचानक खड़ी मोटरसाइकिल से गिर गए। इस घटना में उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आई। घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना बुधवार देर शाम की है, मृतक का पोस्टमॉर्टम आज गुरुवार को किया गया। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। लालबर्रा पुलिस मामले की आगे की जांच करेगी। रिश्तेदार चंद्रशेखर पटले ने बताया कि ज्ञानीचंद टेंभरे बुधवार शाम छतेरा राममंदिर के सामने खड़ी गाड़ी से गिरे थे। अस्पताल चौकी पुलिस ने पुष्टि की कि बुजुर्ग बुआ की अंत्येष्टि से लौटते समय गिरे थे, जिससे उन्हें सिर और हाथ में चोटें आई थीं।


