सतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विराट नगर में नशे में धुत एक कार चालक ने बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। घटना बुधवार सुबह की है, जिसका वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कार के अंदर शराब की बोतलें और डिग्गी में छिपी नंबर प्लेट साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में कार चालक की करतूत कैद हुई है। उसने गाड़ी की नंबर प्लेट खोलकर डिग्गी में छिपा रखी थी। इसके अलावा, कार के दोनों दरवाजों के साइड पॉकेट में शराब की बोतलें रखी हुई थीं, जो चालक के नशे में होने की तस्दीक करती हैं। महात्मा गांधी कॉलेज के पीछे हुआ हादसा
घायल युवक की पहचान सूरज मिश्रा (30 वर्ष) निवासी विराट नगर (मूल निवासी भवर करसरा) के रूप में हुई है। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे सूरज अपनी बाइक (MP19MN7793) से घर जा रहे थे। वे महात्मा गांधी कॉलेज के पीछे हनुमान मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार (MP19ZQ6125) ने उन्हें टक्कर मार दी। हाथ और पैर में आईं चोटें
टक्कर इतनी तेज थी कि सूरज सड़क पर गिर पड़े। उनके बाएं हाथ के अंगूठे, दाहिने हाथ की नस के पास और घुटने में चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद राहगीरों अमित पांडेय और मयंक चतुर्वेदी ने उन्हें उठाया और प्राथमिक सहायता दी। बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज
सूरज मिश्रा ने अपने दोस्त मृगेन्द्र द्विवेदी के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (रैश ड्राइविंग) और 125(ए) (जान जोखिम में डालना) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस वायरल वीडियो को साक्ष्य मानकर कार्रवाई कर रही है।


