हनुमानगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को पकड़ा है। तस्करों के कब्जे से का 3 किलो 8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), दो विदेशी पिस्टल, 14 जिंदा कारतूस और एक लग्जरी कार बरामद की है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में जब्त हेरोइन की कीमत करीब 15 करोड़ रुपए आंकी गई है। बुधवार देर रात संगरिया थाना क्षेत्र में रोही नगराना के पास नाकाबंदी के दौरान हरियाणा नंबर की लग्जरी कार (HR-29-AV-8401) को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस गाड़ी में रखे बैग से 3 किलो 8 ग्राम हेरोइन, दो विदेशी पिस्टल (मैगजीन सहित), एक अतिरिक्त मैगजीन और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जिसके बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर बदमाश हैं, जो विदेश हैंडलर के कॉन्टेक्ट में थे। पकड़ा गया आरोपी भूपेन्द्र सिंह (43) पंजाब के बठिंडा जिले का रहने वाला। इसके खिलाफ पंजाब और राजस्थान में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज। वहीं, आरोपी नासिर (23) राजस्थान के डीग जिले का कुख्यात बदमाश। यह अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का सक्रिय सदस्य है। जिसके खिलाफ चोरी, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दर्जनों केस दर्ज। हनुमानगढ़ एसपी हरी शंकर ने बताया- जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा और संगठित अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए सभी थानों को सख्त निर्देश दिए थे। इसी का नतीजा है कि पिछले कुछ दिनों में बड़ी-बड़ी कार्रवाइयां हो रही हैं। बुधरवार रात को जिला विशेष टीम व संगरिया थाना पुलिस ने 15 करोड़ की हीरोइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से विदेश हथियार भी बरामद हुए हैं। एसपी ने बताया- प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पंजाब के हरिके से ड्रग्स और हथियार लाना बता रहे हैं। साइबर सेल ने जब आरोपियों के मोबाइल फोन चेक किए तो पता चला कि आरोपी लगातार विदेशी नंबरों पर कॉल कर रहे थे। उनके फोन में विदेशी नंबरों की डिटेल भी मिली है। इन्हें, विदेशी हैंडलर लगातार डायरेक्शन दे रहे थे कि हथियार और हीरोइन कहां से लेने है और कहां पहुंचाने है। संभवतया हथियार और हथियार और ड्रग्स पाकिस्तान बॉर्डर से सप्लाई हुए हैं। क्योंकि ज्यादातर मामलों में ड्रोन से ड्रग्स के साथ पाकिस्तान के तरफ से हथियार भी फेंके जाते है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।


