पंजाब के लुधियाना में जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों के लिए जिले के ऑब्जर्वर कैप्टन मनीश कुमार ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की वर्चुअल समीक्षा की। ऑब्जर्वर ने तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि चुनावों को सुचारू, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिकारियों ने हेल्प लाइन नंबर भी जारी किया है। आज नामांकन दाखिल करने का आखरी दिन था। बड़ी संख्या में लोग नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर तैनात रहेंगे सुरक्षा बल चर्चा किए गए प्रमुख पहलुओं में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, मतपत्रों का समय पर वितरण, मतदान दलों के लिए परिवहन और रसद सहायता और आदर्श आचार संहिता का सख्त प्रवर्तन शामिल है। कुमार ने चुनाव कर्मचारियों को पूरी निष्पक्षता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया ताकि प्रत्येक मतदाता स्वतंत्र रूप से और बिना किसी डर के अपना वोट डाल सके। उन्होंने कहा कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि इन चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाए। प्रशासन और पुलिस सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी चुनाव संबंधी मुद्दे की सूचना सीधे मोबाइल नंबर 90567-01907 पर या ईमेल observerzpps2025@gmail.com के माध्यम से दें।


