तीन साल बाद भी अपनी धमकी नहीं भूले महंत बालकनाथ:DSP से कहा था– बच्चे भी तरस करेंगे तुम उनके बाप थे; फील्ड पोस्टिंग हटाने के लिए सीएम को लिखा पत्र

‘मेरा नाम याद रखना… मैं तुम लोगों को कभी नहीं भूलूंगा। आज सबसे पहले तुम मेरी लिस्ट में आ गए हो। सबसे बड़ा गुंडा पुलिस वालों की वर्दी में तू है। तुम्हारे बच्चे भी ये तरस करेंगे कि तुम उनके बाप थे…’ एक पुलिस अफसर को यह धमकी तिजारा विधायक महंत बालकनाथ ने दी। तब वे अलवर से सासंद थे। सामने थे बहरोड़ के तत्कालीन डीएसपी आनंद राव। तारीख 8 जनवरी 2023….। कुछ कार्यकर्ताओं को थाने लाने के विरोध में बालकनाथ बहरोड़ थाने पहुंचे। नाराज बालकनाथ ने डीएसपी को धमकी तक दे डाली। कहा– याद रखना 8 महीने बाद भाजपा आ रही है। इस बात को करीब तीन साल हो गए और भाजपा सरकार बने दो साल, लेकिन बालकनाथ इस धमकी को नहीं भूले। उन्होंने उसी दिन मीडिया के सामने कहा था कि डीएसपी को 100 प्रतिशत सजा होगी और वो सजा मैं दिलवाउंगा।
हाल ही में सरकार ने डीएसपी आनंद राव को खाटू श्याम जी में नियुक्त किया, लेकिन जैसे ही ये बात महंत बालकनाथ तक पहुंची। उन्होंने सवाल उठा दिए। मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि डीएसपी की नियुक्ति रद्द की जाए। साथ ही कहा है कि उन्हें प्रदेश में कहीं ओर भी नियुक्त न किया जाए। विधायक ने कहा– डीएसपी पार्टी विरोधी महंत बालकनाथ ने अपने पत्र में लिखा है कि आरएसी की पांचवी बटालियन में सहायक कमांडेंट आनंदराव को 29 नवंबर 2025 को सीकर जिले के खाटू श्याम जी में डीएसपी लगाया गया है। मेरे सांसद रहते हुए डीएसपी राव आनंद 2023 में बहरोड़ डीएसपी नियुक्त थे। वहां के लोगों के अनुसार इनकी कार्यशैली भ्रष्ट और पार्टी विरोधी है। पत्र में महंत बालकनाथ ने डीएसपी की नियुक्ति रद्द करने और कहीं पर भी नियुक्त नहीं करने की मांग की है। विधायक ने कहा– सीएम से जांच की मांग की है दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा- मैंने डीएसपी की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर डीएसपी की जांच की भी मांग की है। कांग्रेस की सरकार में ही डीएसपी के खिलाफ 16 सीसीए नियम के तहत जांच चल रही थी। डीएसपी को जयपुर में 5वीं RAC बटालियन के सहायक कमांडेंट के तौर पर लगाया गया था। लेकिन अब भाजपा सरकार में उसकी जांच को 17 सीसीए में बदल कर खाटू श्याम नियुक्ति दे दी गई है। हमारी टीम ने डीएसपी राव आनंद कुमार से भी बात की। लेकिन उन्होंने इस मामले में अभी अपनी प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया। अब जानिए, क्यों हुआ था महंत बालकनाथ और राव आनंद में विवाद बहरोड़ में 6 जनवरी 2023 को हिस्ट्रीशीटर लादेन (विक्रम) पर फायरिंग हुई थी। पुलिस उसे जिला अस्पताल (बहरोड़) मेडिकल चेकअप के लिए ले गई थी। वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने लादेन पर फायरिंग कर दी थी। फायरिंग में लादेन बच गया था, लेकिन वहां इलाज कराने आईं इमरती देवी एवं भूतेरी देवी के पैरों में गोली लग गई थी। मामले में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता एडवोकेट राजाराम यादव, भाजपा कार्यकर्ता एडवोकेट हितेन्द्र यादव, नूतन सैनी और निशांत यादव को हिरासत में लिया था। इससे नाराज दोनों पार्टियों के लोग बहरोड़ थाने पहुंचे थे। दोपहर में तब सांसद महंत बालकनाथ भी थाने पहुंचे और डीएसपी पर गुंडागर्दी के आरोप लगाए। उन्होंने तब डीएसपी को देख लेने की भी धमकी दी थी। क्या–क्या हुआ था महंत बालकनाथ और डीएसपी के बीच महंत बालकनाथ: आपने कुछ कार्यकर्ताओं को गलत तरीके से बिठाया है, मेरा नाम याद रखना। डीएसपी: क्या नाम है आपका? याद रख लूंगा, क्या नाम है आपका? महंत बालकनाथ: मैं बहरोड़ में 3 लोगों को कभी नहीं भूलूंगा। विधायक, पूर्व एसएचओ और आपको (डीएसपी आनंद राव)। ये बात ध्यान रखना। डीएसपी: मैं तो ध्यान रख लूंगा, लेकिन आप क्या कहना चाह रहे हैं, ये मैं समझ नहीं पा रहा हूं। महंत बालकनाथ: आपने गलत तरीके से कार्यकर्ताओं को थाने में बिठाया। डीएसपी: कौन से कार्यकर्ताओं को बिठाया? (सांसद ने कार्यकर्ताओं के नाम गिनाए) डीएसपी: आपको पता है इनके बारे में। जानते हैं आप इन्हें। क्या पता है? महंत बालकनाथ: सबसे बड़ा गुंडा वर्दी में तुम हो यहां पर। डीएसपी: ये बात आप कह रहे हैं। महंत बालकनाथ: तुम्हारे बच्चे तरस करेंगे कि तुम उनके बाप थे। डीएसपी: धमकी देने की जरूरत नहीं है। इस मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें-
DSP को सांसद की धमकी- मेरा नाम याद रखना: सबसे बड़ा गुंडा पुलिस की वर्दी में तू है; 8 महीने बाद भाजपा आ रही है मेरा नाम याद रखना… मैं तुम तीन लोगों को कभी नहीं भूलूंगा। एक यहां के विधायक को, दूसरा पुराने SHO को और आज सबसे पहले आप मेरी लिस्ट में आ गए हो। सबसे बड़ा गुंडा पुलिस वालों की वर्दी में तू है। आपके बच्चे भी ये तरस करेंगे कि तुम उनके बाप थे….ये शब्द अलवर सांसद बाबा बालकनाथ के हैं। (पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *