डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के मैताली गांव में एक महिला ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर थाने के एसआई भवानी शंकर ने बताया कि मैताली गांव निवासी हलिया बरंडा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी पत्नी नानी बरंडा मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। हलिया बरंडा ने बताया कि नानी सुबह शौच के लिए घर से निकली थीं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी तलाश की तो घर के पास एक पेड़ से उनका शव लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से उतारा और जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका का पीहर पक्ष भी मॉर्च्युरी पहुंचा। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पति की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


