बड़वानी में गोसेवकों ने अपर कलेक्टर को ज्ञापन दिया:पंचायत स्तर पर ए.आई. टेक्नीशियन नियमित नियुक्ति और बीमा लाभ की मांग की

बड़वानी में मध्यप्रदेश गोसेवा संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में गौसेवकों ने अपनी मांगों को लेकर अपर कलेक्टर कनास को ज्ञापन दिया। गोसेवकों ने पंचायत स्तर पर नियमित नियुक्ति और बीमा लाभ की मांग की। ज्ञापन में गौसेवकों ने बताया कि पशुपालन और डेयरी विभाग से प्रशिक्षित ए.आई. टेक्नीशियन (मैत्री) भारत सरकार और मध्य प्रदेश शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनमें कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, लंपी वायरस महामारी नियंत्रण, प्राथमिक उपचार, गोकुल महोत्सव, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण कार्यक्रम, टैगिंग और के.सी.सी. योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के प्रथम चरण में भी विशेष योगदान दिया है। इसके अतिरिक्त, पंचायत स्तर पर संचालित गौशालाओं में भी गौसेवक निशुल्क सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। हालांकि, शासन और विभाग ने उन्हें स्वरोजगार योजना में शामिल किया है, जिसके कारण उन्हें नियमित नियुक्ति नहीं मिल पा रही है। गोसेवक सुनील सोलंकी ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार के दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान में गौसेवक लगातार सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें प्रति परिवार केवल 5 रुपए का मानदेय मिलता है। उन्होंने मांग की कि अभियान के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं में गौसेवकों को बीमा का लाभ मिलना चाहिए, ताकि पशु की ओर से चोटिल होने या किसी अन्य दुर्घटना की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके। ये हैं गौसेवकों की प्रमुख मांगें- 1. ए.आई. टेक्नीशियन-गौसेवक-मैत्री कार्यकर्ताओं को पंचायत स्तर पर नियुक्त किया जाए। 2. पशुपालन विभाग में चतुर्थ श्रेणी की भर्तियों में गौसेवक-मैत्री कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाए। 3. शासन द्वारा संचालित गौशालाओं में ए.आई. टेक्नीशियनों की सेवाएं ली जाएं। 4. विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान दुर्घटना या मृत्यु होने पर बीमा का लाभ दिया जाए। गौसेवकों ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी मांगों के लिए सरकार से निवेदन कर रहे हैं। उन्होंने गोसंरक्षण, गोसंवर्धन और प्रशिक्षित गौसेवकों के हित में इन मांगों को पूरा करने का आग्रह किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *