सामान्य मरीजों के रेफरल पर मंत्री नाराज:कहा- सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं, तो सामान्य मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर क्यों किया जा रहा है?

राजस्थान में सीएचसी, उप जिला हॉस्पिटल, सैटेलाइट और जिला हॉस्पिटलों से सामान्य मरीजों को रेफर करके बड़े हॉस्पिटल भेजने के मामले में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने नाराजगी जताई है। मंत्री ने वीसी के जरिए प्रदेश के सभी हॉस्पिटलों के अधीक्षकों और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपलों संग बैठक की। इसमें उन्होंने हॉस्पिटल में मौजूद संसाधनों के उपयोगिता पर सवाल उठाए। गजेंद्र सिंह खींवसर ने पूछा- सरकार ने हॉस्पिटलों में तमाम सुविधाएं दे रखी है, लेकिन बावजूद उसके सामान्य मरीजों को भी बड़े हॉस्पिटलों में रेफर क्यों किया जा रहा है? एसएमएस मेडिकल कॉलेज से जुड़े बड़े हॉस्पिटलों (जे.के. लोन, महिला चिकित्सालय सांगानेरी गेट, सवाई मानसिंह, जनाना चांदपोल) का जिक्र किया। खींवसर ने कहा- जयपुर जिले और उसके आसपास के कई जिलों में मौजूद सीएचसी, उप जिला हॉस्पिटल, जिला हॉस्पिटलों से बड़ी संख्या में मरीज इन हॉस्पिटलों में रेफर हो रहे है। इनमें आधे से ज्यादा मरीज तो ऐसे होते है, जिनका इलाज इन संस्थाओं में संभव होता है। ऐसे में सामान्य मरीज भी इन बड़े हॉस्पिटलों में रेफर होने से इन पर मरीजों का भार अप्रत्याशित तौर पर बढ़ रहा है। गजेंद्र सिंह खींवसर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब हर हॉस्पिटल अधीक्षक और प्रभारी की डेली मॉनिटरिंग होगी और उनकी परफॉर्मेंस का रिव्यू किया जाएगा। साथ ही अगर कोई भी मामला सामने आया, जिसमें सामान्य मरीज को रेफर किया गया, तो उस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्टाफ की कमी तो उच्च स्तर पर बताएं
मंत्री ने बैठक में कहा कि किसी भी हॉस्पिटल में डॉक्टर, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी है तो उसे उच्च स्तर पर बताएं। लेकिन ऐसा न हो कि इस कारण कोई भी सेहत सेवा प्रभावित हो। उन्होंने इसके लिए ऑप्शनल व्यवस्था भी तुरंत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने हॉस्पिटलों में पार्किंग, सुरक्षा और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *