विदिशा में 125 लीटर अवैध शराब जब्त:पिता-पुत्र गिरफ्तार, ₹1.52 लाख से अधिक का माल बरामद

विदिशा जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नीमताल क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध देसी और अंग्रेजी शराब जब्त की। इस कार्रवाई में पिता-पुत्र सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब और नकदी की कुल कीमत लगभग 1.52 लाख रुपए आंकी गई है। कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कागदीपुरा स्थित बटेश्वर मंदिर के पीछे वाली गली में चबूतरे के पास अवैध शराब छिपाई गई है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद राज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर जांच की और वहां से 125 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद कर जब्त कर ली। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों, हेमराज उर्फ नरेंद्र सिंह राजपूत उर्फ बाबा (44 वर्ष) और उनके पुत्र पृथ्वी सिंह राजपूत (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध शराब के अतिरिक्त 32,480 रुपए नकद भी बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 920/25, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी आनंद राज और उप निरीक्षक गौरव रघुवंशी सहित पूरी टीम ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह के मार्गदर्शन में अवैध शराब माफिया के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों से अवैध शराब तस्करों पर दबाव बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *