शाह के ‘अंबेडकर बयान’ पर डैमेज कंट्रोल में जुटी भाजपा:11 से 25 जनवरी तक दलितों के बीच जाएंगे भाजपाई, कांग्रेस-सपा के किस्से सुनाएंगे

लोकसभा में डॉ. भीमराव अंबेडकर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की टिप्पणी के बाद भाजपा देश भर में डैमेज कंट्रोल में जुट गई है। पार्टी 11 से 25 जनवरी तक ‘मेरा संविधान मेरा अभिमान अभियान’ के जरिए दलितों के बीच जाएगी। इस दौरान डॉ. अंबेडकर के लिए मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई जाएंगी। वहीं, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने बाबा साहब का जो अपमान किया, उसके किस्से सुनाए जाएंगे। रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में अभियान का रोड-मैप तैयार करने के लिए बैठक हुई। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने कहा- जनता के बीच जाकर बताएं कि बाबा साहब और संविधान का जितना सम्मान पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने किया, उतना पहले कभी नहीं हुआ। कांग्रेस और सपा डॉ. अंबेडकर के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। दोनों ही दलों ने दलितों के साथ बाबा साहब का भी अपमान किया है। पढ़िए भाजपा की बैठक की बड़ी बातें बाबा साहब को नहीं दिया भारत रत्न
बीएल संतोष ने कहा- जनता के बीच जाकर बताएं कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने षडयंत्र रचकर डॉ. अंबेडकर को चुनाव हराया था। बाबा साहब को लोकसभा की किसी महत्वपूर्ण कमेटी का सदस्य नहीं बनाया गया, ना ही उन्हें कोई बड़ा मंत्रालय दिया गया। कांग्रेस ने बाबा साहब को भारत रत्न तक नहीं मिलने दिया। यूपी में भी समाजवादी पार्टी ने दलितों के अधिकारों का हनन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कन्नौज में बाबा साहब के नाम पर संचालित कॉलेज से उनका नाम तक हटवा दिया गया। मोदी ने अंबेडकर से जुड़े 5 स्थानों को पंचतीर्थ का दर्जा दिया
बीएल संतोष ने कहा- पीएम नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब की स्मृति से जुड़े 5 स्थानों को पंचतीर्थ का दर्जा दिया। मोदी सरकार के समय सबसे ज्यादा दलित मंत्री हैं। दलित वर्ग के रामनाथ गोविंद को राष्ट्रपति बनाया गया। आज भी आदिवासी क्षेत्र की महिला द्रोपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा- जनता को यह भी बताएं कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए सबसे अधिक समय संविधान में बदलाव किया है। भाजपा ने दलितों और पिछड़ों के हित के लिए ही संविधान में संशोधन किया। 11 से 25 जनवरी तक चलेगा अभियान
प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बताया कि 11 से 25 जनवरी तक अभियान चलाया जाएगा। इसका नाम संविधान गौरव अभियान है। 25 जनवरी को बूथ स्तर पर मेरा संविधान मेरा अभिमान कार्यक्रम होगा। इसके लिए 6-7 जनवरी को सभी 1819 मंडलों और 9-10 जनवरी को सभी 98 संगठनात्मक जिलों में कार्यशाला होगी। 11 से 25 तक सभी जिलों और मंडलों में बाबा साहब और संविधान पर गोष्ठी होगी। गोष्ठी में क्षेत्र के दलित वर्ग के सभी जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, वकील, डॉक्टर, युवा, प्रबुद्ध वर्ग के दलित नेता, दलित सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता और दलित और पिछड़ी जाति के अधिक से अधिक लोग शामिल रहेंगे। 12 महानगरों में होंगे बड़े आयोजन
धर्मपाल सिंह ने बताया कि लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर, झांसी, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा समेत 12 बड़े महानगरों में बड़ी गोष्ठी होगी। इसमें केंद्र सरकार के मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सहित अन्य मंत्री संबोधित करेंगे। 25 को बूथ स्तर पर होगा कार्यक्रम
महामंत्री गोविंद शुक्ला ने बताया कि 25 जनवरी को सभी बूथों पर मेरा संविधान मेरा अभियान गोष्ठी होगी। इसमें बूथ के मतदाताओं को बाबा साहब के सम्मान हुए मोदी सरकार में हुए कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। 8 जनवरी तक दाखिल होंगे जिलाध्यक्ष के नामांकन
बीएल संतोष ने कहा कि मकर संक्रांति से पहले जिलाध्यक्ष की नियुक्ति होनी है। उन्होंने कहा कि जनवरी में नया प्रदेश अध्यक्ष भी नियुक्त किया जाएगा। लगातार दो बार से सक्रिय सदस्य और 60 साल से कम आयु के कार्यकर्ता ही जिलाध्यक्ष के लिए नामांकन करेंगे। भाजपा के संगठन चुनाव प्रभारी महेंद्रनाथ पांडेय ने बताया कि 8 जनवरी तक सभी जिलों में जिलाध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। सभी जिला चुनाव प्रभारियों को सोमवार से जिलों में जाकर नामांकन कराना है। 9 जनवरी तक रिपोर्ट मुख्यालय में पेश करनी है। उन्होंने कहा कि पैनल में मौजूदा जिलाध्यक्ष के साथ निवर्तमान जिलाध्यक्ष का नाम अनिवार्य रूप से रहेगा। उन्होंने कहा कि पैनल स्थानीय विधायक, एमलएसी, सांसद, राज्यसभा सदस्य, संबंधित जिले के क्षेत्रीय पदाधिकारी, राष्ट्रीय पदाधिकारी, महापौर, नगर पालिका चेयरमैन और जिला पंचायत अध्यक्ष की दस्तखत आधारित सहमति से तैयार होगा। माहौल खराब होता देख लिया निर्णय
राजनीतिक विश्लेषक वीरेंद्र नाथ भट्‌ट मानते हैं कि लोकसभा चुनाव के दौरान दलितों के बीच भाजपा का माहौल खराब हुआ था। वह माहौल अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुआ। इसी बीच लोकसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की डॉ. अंबेडकर पर दी गई टिप्पणी से गलत संदेश गया। कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने देश भर में आंदोलन कर भाजपा के खिलाफ माहौल बनाया। सपा और कांग्रेस ने इसको लेकर आगे तक की रणनीति भी बनाई है। भाजपा ने भी माहौल खराब होता देख डैमेज कंट्रोल के लिए यह निर्णय लिया है। दरअसल, गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में संविधान पर चर्चा के दौरान कहा था- अभी एक फैशन हो गया है। अंबेडकर, अंबेडकर…। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।’ कांग्रेस और सपा ने इसे अंबेडकर का अपमान बताते हुए शाह के इस्तीफे की मांग की है। ———————- ये खबर भी पढ़ें… आशीष पटेल बोले- पल्लवी को चाबी भरी जा रही, बहन की संपत्ति लौटाएं तो विधायक बनवा देंगे; मेरे नेता मोदी, योगी सिर्फ CM अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं योगी सरकार के टेक्निकल एजुकेशन मिनिस्टर आशीष पटेल इन दिनों अपनी साली पल्लवी पटेल के निशाने पर हैं। वह इसके लिए योगी सरकार के अफसरों और STF को टारगेट कर रहे हैं। योगी का नाम लिए बिना वह यूपी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। आशीष पटेल ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत की। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *