यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने डूंगरपुर प्रवास के दौरान कहा कि राजस्थान सरकार ‘एक राज्य एक चुनाव’ के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य पिछड़ा आयोग, निर्वाचन आयोग और हाईकोर्ट जिस दिन इस पर सहमति बनाएंगे, उसी दिन चुनाव कराए जा सकते हैं। मंत्री खर्रा डूंगरपुर शहर में मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत बने फ्लैट्स के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सरकार और स्वायत्त शासन विभाग ने सितंबर माह में अपने स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर यूडीएच मंत्री ने राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर कई बार लीक हुए, जबकि वर्तमान सरकार के दो साल में एक भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ और सभी परीक्षाएं पारदर्शी व निष्पक्ष रूप से संपन्न हुईं। मंत्री खर्रा ने दावा किया कि सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और पुलिस की सख्ती से प्रदेश में अपराध दर कम हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान सरकार ने इन दो सालों में विकास और समस्याओं के समाधान के लिए तेजी से काम किया है। उन्होंने ‘राइजिंग राजस्थान’ और 10 दिसंबर को मनाए जाने वाले ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ का भी जिक्र किया। मंत्री ने बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान’ कार्यक्रम में 35 लाख करोड़ रुपए के समझौता पत्रों पर हस्ताक्षर हुए थे, जिनमें से 7 लाख करोड़ रुपए के समझौता पत्र धरातल पर उतर चुके हैं। आगामी ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ पर पुराने और नए समझौता पत्रों को भी जल्द लागू किया जाएगा।


