खैरथल जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का कार्य तेजी से जारी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत यह कार्य उच्च सटीकता और पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। जिले की मुंडावर और किशनगढ़बास विधानसभाओं में मतदाता सूची डिजिटलाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि जिले के कुल 7,79,618 गणना प्रपत्रों में से 7,75,024 से अधिक प्रपत्र ECI-Net पर सफलतापूर्वक अपलोड किए जा चुके हैं। यह उपलब्धि निर्धारित समय सीमा से पहले 99.41 प्रतिशत के साथ हासिल की गई है, जो जिले की तकनीकी दक्षता और सतत निगरानी को दर्शाती है। जिले में 94.51 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। तीनों विधानसभाओं में 28 पोलिंग बूथ पर बीएलओ ने शत-प्रतिशत मतदाताओं को मैप किया है। इसके अतिरिक्त, 383 पोलिंग बूथ पर 98 प्रतिशत से अधिक मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है। विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार, किशनगढ़बास में 97.15 प्रतिशत, मुंडावर में 97.22 प्रतिशत और तिजारा में 89.35 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हुई है। डिजिटलाइजेशन कार्य में भी खैरथल जिला तेजी से प्रगति कर रहा है। 4 दिसंबर को शाम 4 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में 99.41 प्रतिशत डिजिटलाइजेशन कार्य पूरा हो चुका है। किशनगढ़बास विधानसभा ने 100 प्रतिशत प्रगति दर्ज करते हुए 2,61,764 गणना प्रपत्र ऑनलाइन किए हैं। मुंडावर विधानसभा में भी 100 प्रतिशत यानी 2,41,398 फॉर्म ऑनलाइन किए गए हैं। तिजारा विधानसभा में 98.34 प्रतिशत प्रगति के साथ 2,71,862 प्रपत्रों का डिजिटलाइजेशन किया गया है।


