बलवाड़ा पुलिस ने रेपिडो कार लूट की वारदात का खुलासा करते हुए 24 घंटे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई हुंडई ऑरा कार, दो मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान मिलाकर कुल 8 लाख 38 हजार 600 रुपए का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर का आकाश परिहार और दो नाबालिग शामिल हैं। इंदौर से ओंकारेश्वर के लिए बुक की थी कार 3 दिसंबर को इंदौर निवासी टैक्सी ड्राइवर संजय वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन युवकों ने कुशवाह नगर से ओंकारेश्वर जाने के लिए रेपिडो कैब बुक की थी। यात्रा के दौरान बलवाड़ा क्षेत्र के गवालू घाट के पास सुनसान स्थान पर उन्होंने संजय को चाकू दिखाकर घायल किया और कार, मोबाइल फोन तथा 600 रुपए लूटकर फरार हो गए। सीसीटीवी और साइबर सेल से मिली सुराग शिकायत के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई और इंदौर–बलवाड़ा मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने तीनों को इंदौर–उज्जैन मार्ग पर नए पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल चाकू और रेपीडो बुकिंग के लिए प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कई जिलों में वारदातें करना कबूला पूछताछ में मुख्य आरोपी आकाश परिहार ने बुरहानपुर जिले में दो अन्य लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके खिलाफ इंदौर के एरोड्रम, बाणगंगा, परदेशीपुरा और मल्हारगंज थानों में पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। टीम की सराहनीय भूमिका पुलिस ने सभी आरोपियों से कुल 8.38 लाख रुपए का माल बरामद कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। इस कार्रवाई में बड़वाह एसडीओपी अर्चना रावत, निरीक्षक अनिल बामनिया, निरीक्षक सागर चौहान, बलवाड़ा और बड़वाह पुलिस टीम तथा साइबर सेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


