जमालपुर में महिला और उसकी बेटी से मारपीट, अगवा करने की कोशिश

भास्कर न्यूज |लुधियाना जमालपुर क्षेत्र में एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट, कपड़े फाड़ने और अपहरण की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता हरमीत कौर, निवासी एमआईजी कॉलोनी 850-ए ने थाना मोती नगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शाम को वह सब्जी लेकर घर लौटी ही थीं कि थोड़ी देर बाद उनका पति भी घर आ गया। उनकी 12 वर्षीय बेटी एकमजोत कौर और 8 वर्षीय बेटा अयांश नीचे खेल रहे थे। हरमीत कौर के अनुसार, लगभग 7 बजे के आसपास 7–8 युवक उनके घर की पहली मंजिल पर पहुंचे और गाली-गलौच करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। वह तीन आरोपियों—दीपू उर्फ चिड़ी, प्रीत और संपू को पहचानती हैं, बाकी युवक अज्ञात थे। आरोप है कि धक्का-मुक्की के दौरान उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। किसी तरह उन्होंने दरवाजा बंद कर अपनी सुरक्षा की। इसके बाद पूरा समूह नीचे गया और वहीं खेल रही उनकी 12 वर्षीय बेटी को पकड़कर ज़बरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठाने की कोशिश की। यह देख हरमीत कौर तुरंत नीचे भागीं और शोर मचाकर अपनी बेटी को छुड़ाया। पीड़िता के मुताबिक, उनकी बेटी डरी हुई थी और उसके कपड़े फट चुके थे। इस दौरान मोहल्ले के लोग भी इकट्ठे हो गए। शिकायत में कहा गया कि कुछ देर बाद वही युवक दोबारा वापस आए और गालियां देते हुए धमकाने लगे। हरमीत कौर का आरोप है कि यह लोग उनकी बेटी का पीछा करते हैं जब वह स्कूल जाती है और धमकी देते हैं कि “तुझे उठा लेंगे, नहीं मानी तो तेरे ऊपर तेज़ाब डाल देंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि दीपू और प्रीत बुलेट मोटरसाइकिल पर उनके घर के बाहर चक्कर लगाते रहते हैं। शिकायत के आधार पर थाना मोती नगर पुलिस ने दीपू उर्फ चिड़ी, प्रीत, संपू और 4–5 अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अपहरण की कोशिश संबंधी आरोप की गहराई से जांच की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *