भास्कर न्यूज | धमतरी आयुष्मान भारत एवं शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के तहत सेवाओं के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर सिद्धि विनायक न्यू बॉर्न एंड चाइल्ड हॉस्पिटल धमतरी का पंजीयन सालभर के लिए निरस्त कर दिया है। सीएमएचओ डॉ. यूएल कौशिक ने बताया कि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के उप सचिव द्वारा प्रेषित पत्र के आधार पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण, भारत सरकार के नेशनल एंटी फ्रॉड यूनिट द्वारा अस्पताल से संबंधित कई संदिग्ध मामलों की पहचान की गई थी। इसके बाद राज्य स्तरीय टीम द्वारा अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया। टीम के निरीक्षण में अनेक गंभीर अनियमितताएं पाई गई। इनमें योजना में आवृत दवाइयों के बावजूद मरीजों से अतिरिक्त शुल्क वसूला किया जाना। चिकित्सक द्वारा एक अन्य अस्पताल में मरीज से मिलकर उसे अपने अस्पताल में भर्ती करने के लिए प्रेरित किया गया। मरीज को बताया गया कि यदि आयुष्मान योजना के तहत भर्ती होगा तो अवधि अधिक लगेगी, जबकि नकद भुगतान करने पर जल्द छुट्टी दी जाएगी। बेड और दीवार के बीच निर्धारित दूरी का पालन नहीं किया गया। गाइड लाइन का पालन नहीं हो रहा था: सीएमएचओ डॉ. कौशिक ने कहा कि सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना का उद्देश्य सामाजिक व आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को गुणवत्तापूर्ण और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसी स्थिति में अस्पताल द्वारा की गई अनियमितताएं योजना के दिशा-निर्देशों एवं अनुबंध का गंभीर उल्लंघन है। आयुष्मान योजना के गाइड लाइन के अनुसार सिद्धि विनायक न्यू बॉर्न एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का पंजीयन आगामी एक वर्ष के लिए रद्द कर दिया गया।


