इंदौर और आसपास के इलाकों में शादी-ब्याह के सीजन में सफेद, आकर्षक और ऊंची घोड़ी की मांग तेजी से बढ़ी है। शहर से लेकर गांवों तक यह ट्रेंड इतना चला है कि लगभग हर घोड़ी वाले के पास अब सफेद घोड़ियां ही हैं। इनकी एक दिन की बुकिंग 51 हजार से 11 लाख रुपए तक में हो रही है। किसी भी फंक्शन के लिए इन घोड़ियों को सजाने में ढाई लाख रुपए तक खर्च किए जा रहे हैं। सफेद रंग को लेकर कोई धार्मिक या वास्तु मान्यता नहीं है। जिस तरह गाड़ियों में सफेद रंग लोकप्रिय है, वैसे ही बारात में सफेद घोड़ी को ‘फर्स्ट चॉइस’ माना जा रहा है। छोटी-बड़ी हर बारात में सफेद घोड़ी का प्रचलन बढ़ा है। खास बात यह है कि खूबसूरती मेंटेन रखने के लिए इन घोड़ियों का प्रजनन कभी नहीं कराया जाता है। इंदौर और आसपास के इलाकों में 250 से ज्यादा सफेद घोड़ियां
इंदौर शहर में 25 से ज्यादा घोड़ी मालिक हैं। इनके पास करीब 150 सफेद घोड़ियां हैं जबकि कम्पेल, सनावदिया, खुडैल, हाट सेमल्या, डबल चौकी, नाराखेड़ा जैसे गांवों में लगभग 100 घोड़ियां हैं। यहां विष्णु, मोहित, मिलिंद, नीलेश और ओम प्रजापत सहित कई टीमें वर्षों से शादी-जुलूस में घोड़ियां उपलब्ध करा रही हैं और इनके पास 20 से ज्यादा सफेद घोड़ियां हैं। डिमांड बढ़ी तो पुष्कर से भी मंगाईं घोड़ियां
घोड़ी मालिकों ने हाल ही में 15 नई घोड़ियों की बुकिंग की, जिनमें से 6 पुष्कर से आ चुकी हैं। विष्णु प्रजापत ने सबसे महंगी घोड़ी 5 लाख रुपए में खरीदी है। उम्र 2 साल होने के कारण इसकी ऊंचाई आगे बढ़कर करीब 5 फीट होने की संभावना है। गांवों में घोड़ी की सामान्य बुकिंग 5 हजार से 10 हजार रुपए तक रहती है। कुछ घोड़ियां उत्तर प्रदेश के सारंगखेड़ा से भी लाई जा रही हैं। इंदौर में महंगी और ‘ब्रांडेड’ घोड़ियों की लंबी लिस्ट इंदौर की सबसे महंगी घोड़ी ‘पद्मावती’ है, इसकी ऊंचाई 6 फीट और लंबाई 12 फीट है। सफेद चमकीला रंग है। पद्मावती को रोज 10 लीटर दूध, 6 किलो चने, साफ-सुथरी हरी घास परोसी जाती है। इसके लिए खास अस्तबल बना है। यहां बिना अनुमति बाहरी व्यक्तियों को नहीं आने दिया जाता। देखरेख के लिए तीन कर्मचारी हैं, जो पद्मावती की रोज मालिश करते हैं। उसे ब्रश कराते हैं, घुमाने ले जाते हैं। पद्मावती को जनवरी 2026 में साउथ इंडिया के फिल्म एक्टर के भतीजे की शादी में 11 लाख रुपए में बुक किया गया है। इसके मालिक सचिन राठौर के पास सुखमणि, गजगामिनी और गणगौर जैसी दूसरी घोड़ियां भी हैं। इनकी बुकिंग राजस्थान, महाराष्ट्र और साउथ तक होती है। आलम ये है कि ये घोड़ियां 2027 तक बुक हैं। इन घोड़ियों का तीन घंटे का चार्ज 51 हजार से 11 लाख रुपए तक है। ड्रोन शॉट्स और इंस्टाग्राम रील्स में शाही लुक
प्री वेडिंग शूट , ड्रोन शॉट्स और इंस्टाग्राम रील्स में शाही लुक लाने के लिए लोग घोड़ी की सजावट पर भी खास ध्यान दे रहे हैं। घोड़ी मालिक सचिन राठौर बताते हैं- घोड़ियों को सिल्वर कोटेड आभूषणों से सजाया जाता है, जिसका खर्च 45 हजार से 2.5 लाख रुपए तक होता है। दूल्हे को घोड़ी पर सबसे आकर्षक दिखाना अब शादी की बड़ी प्राथमिकता है। खूबसूरत बनाए रखने के लिए प्रजनन नहीं कराते
घोड़ी मालिक सचिन राठौर ने बताया कि इंदौर में कहीं भी घोड़ियों का प्रजनन नहीं कराया जाता। इसका कारण है कि इंदौर में अब इस पेशे से जुड़े लोगों के पास अधिकांश घोड़ियां ही बची हैं। दूसरा खास कारण यह है कि बारात, जुलूस आदि के लिए घोडियों की खूबसूरती मेंटेन करना जरूरी है। घोड़ी की उम्र 20-22 साल की होती है और 14 साल तक उसकी खूबसूरती, डील-डौल बना रहता है। इसके बाद उसकी उम्र ढलना शुरू हो जाती है। लेकिन घोड़ी मालिक उसे छोड़ते या बेचते नहीं है, बल्कि उसकी बची उम्र तक पूरी तरह सेवा करते हैं। नियमित खाने के साथ उसके स्वास्थ्य पर भी पूरा ध्यान दिया जाता है। ये खबर भी पढ़ें… इंदौर की पद्मावती की मुंबई तक डिमांड इंदौर की पद्मावती की ऊंचाई 6 फीट और लंबाई 12 फीट है। सफेद चमकीला रंग है। इसी खूबसूरती की वजह से पद्मावती की डिमांड देशभर में है। ये सब जानकर आपकी उत्सुकता बढ़ गई होगी कि आखिर पद्मावती है कौन? तो बता दें कि पद्मावती एक घोड़ी है। अब पद्मावती अगले हफ्ते एक शादी के लिए मुंबई जा रही है। पढे़ं पूरी खबर…


