विधायक बने बंदर…हाथ में उस्तरा;भाजपा विधायकों ने पुलिस को घेरा:कटनी में आगजनी मामले में कार्रवाई को गलत बताया; कांग्रेस का वॉक-आउट

मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज तीसरा दिन हंगामेदार रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस ने फसल मुआवजे समेत कई मुद्दों को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। जुन्नारदेव से कांग्रेस विधायक सुनील उईके हाथ में पोस्टर लिए बंदर के वेश में विधानसभा पहुंचे, उनके हाथ में उस्तरा भी था, जिसे उन्होंने सरकार और सिस्टम का प्रतीक बताया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी मौजूद रहे। कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने खराब फसलों के मुआवजे का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉक-आउट कर दिया और बाहर आकर नारेबाज़ी की। लगातार हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई। देखिए हंगामा और प्रदर्शन की तस्वीरें… कटनी आगजनी मामले पर भाजपा विधायकों का आरोप
कटनी जिले में हुई आगजनी की घटना को लेकर भाजपा के तीन विधायकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। भाजपा विधायक प्रणय प्रभात पांडे ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में व्यापारी के घर हुई आगजनी के मामले में गैर-जमानती धाराएं गलत ढंग से लगाने का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि इससे ब्राह्मण समाज में आक्रोश है। जवाब में मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि निष्पक्ष कार्रवाई की गई है और किसी समाज में कोई आक्रोश नहीं है। इसी मामले में विधायक अभिलाष पांडे ने कहा कि शुभम त्रिपाठी और उसके परिजनों को थाने में बुलाकर धमकाया गया। इसकी विधिवत जांच होनी चाहिए। मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि थाने और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज से स्थिति साफ हो जाएगी। मंत्री पटेल ने आश्वासन दिया कि यदि गड़बड़ी पाई गई, तो थाने से बाहर के स्टाफ से जांच कराई जाएगी। राहत राशि न मिलने पर कांग्रेस विधायक का हंगामा
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने श्योपुर जिले के किसानों के खातों में राहत राशि न पहुंचने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को 16 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर राहत मिलनी थी, लेकिन पैसा खातों में नहीं पहुंचा। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने स्वीकार किया कि कुछ खातों में राशि नहीं पहुंची है और जल्द भुगतान किया जाएगा। 10 से कम छात्रों वाले स्कूल होंगे मर्ज
स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने सदन में बताया कि 10 से कम छात्रों वाले सरकारी स्कूलों को 1 किलोमीटर के दायरे में बड़े स्कूलों में मर्ज किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों को दूरस्थ खाली स्कूलों में पदस्थ किया जाएगा। यह जानकारी विधायक अमर सिंह यादव के सवाल के जवाब में दी गई। 13,476 करोड़ के अनुपूरक बजट पर चर्चा
आज विधानसभा में 13,476 करोड़ 94 लाख रुपए के दूसरे अनुपूरक बजट पर चर्चा प्रस्तावित थी। मंगलवार को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने यह बजट पेश किया था। बीजेपी और कांग्रेस दोनों की ओर से इस पर चर्चा होनी थी, लेकिन हंगामे के चलते कार्यवाही स्थगित कर दी गई। VIT यूनिवर्सिटी को कारण बताओ नोटिस
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने बताया कि VIT यूनिवर्सिटी को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब मांगा गया है। छात्रों पर दर्ज एफआईआर अज्ञात नामों पर है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
…………. विधानसभा का मिनट-टु-मिनट अपडेट पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *