शिकार के लिए बिछाए तार, करंट से युवक की मौत

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर ​ चौकी दोकड़ा क्षेत्र के बढ़नी झरिया जंगल में जंगली सूअर को मारने के लिए बिछाई गई खुली हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। जशपुर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। 3 दिसंबर को प्यार इन्द्रनाथ यादव (21) ने चौकी दोकड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनके पिता दशरथ यादव (55) 2 दिसंबर की रात अपने भैंसों के अस्थायी गोठान की देखरेख के लिए बढ़नी झरिया जंगल गए थे। वे प्रतिदिन सुबह घर लौट आते थे, लेकिन घटना वाले दिन नहीं आए। खोजबीन के दौरान उन्हें जंगल में अपने पिता का शव जमीन पर पड़ा मिला, जिसके पैर में एक पतला वाइंडिंग तार चिपका हुआ था और उसमें हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो रहा था। करेंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि गांव के नेहरू राम, अशोक पैंकरा, सदानंद चौहान, जगदीश कुजूर तथा एक अन्य व्यक्ति ने कुछ दिनों पूर्व कहा था कि वे जंगली सूअर मारने के लिए जंगल में करेंट बिछाएंगे। लेकिन उन्होंने 11 हजार केवी बिजली लाइन के खंभे से खुली वाइंडिंग तार जोड़कर गोठान के रास्ते में ही जमीन पर फैला दी, जिससे दशरथ यादव की मृत्यु हो गई। चौकी दोकड़ा पुलिस ने मौके से 128 मीटर खुली तार जब्त की और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने नेहरू राम (35), अशोक पैंकरा (34), सदानंद चौहान (34) और जगदीश कुजूर (38) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार एक आरोपी फरार है, जिसकी पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 105 के तहत अपराध दर्ज कर जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी शिकार के लिए लगाए तार लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भी ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *