राजा बंगला के ग्रास लैंड में अब तक नहीं पहुंचा बाघ

भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा बैलाडीला के राजा बंगला और रानी बाग में इस साल अभी तक बाघ नहीं आया है। हर साल अक्टूबर से नवंबर के बीच यहां बाघ पहुंचता था। इंद्रावती टाइगर रिजर्व से इंद्रावती नदी में पानी कम होने के बाद यहां बाघ दस्तक देता था, पर इस साल अभी तक बाघ ने दस्तक नहीं दी है। राजा बंगला के जंगलों में कैमरे लगे हुए हैं जो बाघ और शिकारियों दोनों पर नजर रख रहे हैं। 2019 में इसी राजा बंगला क्षेत्र में शेर का शिकार हुआ था, आरोपी पकड़े भी गए थे जिसके बाद से वन विभाग अलर्ट हो गया है। पिछले वर्ष बाघ ने भांसी के पास गाय का शिकार किया था, इस वर्ष बीजापुर क्षेत्र में शिकार की बात सामने आ रही है पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। राजा बांग्ला–रानी घाट में बाघ की संभावित मौजूदगी, ग्रामीणों की सूचना और बड़े पैरों के निशान मिलने के बाद प्राणी संरक्षण कल्याण समिति सक्रिय हो गई है। वन विभाग के साथ मिलकर इलाके में कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि जंगल की ओर अनावश्यक न जाएं, किसी भी ताज़ा निशान या गतिविधि की तुरंत सूचना दें। पिछले वर्ष भी कैमरा ट्रैप में बाघ की तस्वीर कैद हुई थी। डीएफओ सागर जघाव ने बताया राजा बंगला क्षेत्र में टाइगर की मौजूदगी की अभी कोई सूचना नहीं है, यहां इंद्रावती नेशनल पार्क से बाघ आता है। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा जो वीडियो वायरल हो रहा है ये इस साल का नहीं है, बीजापुर जिले में गाय को मारने की खबर के बाद टीम गई थी, पर मरी हुई गाय को स्थल से हटा देने की वजह से दुबारा जानवर वहां नहीं आया जिससे बाघ की पुष्टि नहीं हो पाई। ग्रास लैंड है अभयारण्य के टाइगर का प्रिय स्थान राजा बंगला का ग्रास लैंड टाइगर का सबसे प्रिय जगह है, यहां टाइगर प्रजनन के लिए ठंड के सीजन में हर साल पहुंचते हैं, यह क्षेत्र वन विभाग का रिजर्व क्षेत्र है, यहां हर साल बाघ की आमद होती है पर अभी तक इस साल कैमरे में बाघ कैद नहीं हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *