बुड्ढा दरिया का सफाई मामला लुधियाना | बुड्ढा दरिया की स्थिति में हुए सुधार का आकलन करने के लिए आईआईटी रुड़की के प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. काजमी के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम लुधियाना पहुंची। टीम ने 40 एमएलडी सीईटीपी और 225 एमएलडी एसटीपी से दरिया में छोड़े जा रहे ट्रीट किए पानी की गुणवत्ता की जांच की। डॉ. काजमी, जो लंबे समय से बुड्ढा दरिया पर वैज्ञानिक अध्ययन कर रहे हैं, ने ताजपुर रोड क्षेत्र में नदी की स्थिति में आए सकारात्मक बदलाव पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि जल प्रदूषण नियंत्रण के लिए उद्योगों, प्रशासन और वैज्ञानिक संस्थानों का संयुक्त प्रयास सराहनीय परिणाम दे रहा है। निरीक्षण के दौरान टीम ने पानी की गुणवत्ता का प्रारंभिक विश्लेषण किया और सीईटीपी में टीडीएस स्तर को और कम करने के लिए नए वैज्ञानिक उपायों पर चर्चा की। टीम ट्रीटमेंट क्षमता, पर्यावरणीय प्रभाव और तकनीकी सुधारों पर विस्तृत अध्ययन करने करेगी। साथ ही, आईआईटी रुड़की की टीम और सीईटीपी का संचालन करने वाली एलएंडटी वाटर डिविजन मिलकर एक संयुक्त रिसर्च प्रोजेक्ट शुरू करेंगे।


