लुधियाना | रेलवे द्वारा इंडस्ट्रियल एरिया के अंतर्गत आते ग्यासपुरा फाटक की रिपेयर व मेंटेनेंस का काम शुरू किए जाने के कारण फाटक को 7 दिसंबर तक पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। यह फाटक रोजाना हजारों कर्मचारियों, फैक्ट्री वर्करों और उद्योगपतियों की आवाजाही का मुख्य मार्ग है, ऐसे में इसका बंद होना पूरे क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। फाटक बंद होने के बाद शहर की ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल रूट प्लानिंग बदलकर वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं। वाहन चालकों को शिव चौक, मोहनदाई अस्पताल मार्ग होते हुए फोकल प्वाइंट की तरफ भेजा जा रहा है। वहीं, ढंडारी और फोकल प्वाइंट पुल से होकर वाहनों को फोकल प्वाइंट तथा चंडीगढ़ रोड की तरफ डायवर्ट किया गया है। ट्रैफिक जाम न लगे, इसके लिए पुलिस ने कई पॉइंट्स पर बैरिकेड्स और साइन बोर्ड लगाए हैं, ताकि लोग पहले से ही रूट बदलकर सफर करें। ट्रैफिक एसीपी-2 गुरदेव सिंह ने बताया कि रिपेयर का यह काम लोगों की सुरक्षा और जन-हित में जरूरी था, क्योंकि लंबे समय से फाटक की हालत खराब होने की शिकायतें मिल रही थीं। रेलवे से नोटिफिकेशन मिलते ही ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग बनाकर तैनाती शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा, जगह-जगह लगाए गए बैनरों और बोर्डों पर स्पष्ट लिखा है कि रास्ता बंद है, ताकि कोई भी वाहन चालक फाटक पर पहुंचकर दुविधा में न पड़े।


