गम्हरिया में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, घरेलू विवाद की ग्रामीणों को आशंका

भास्कर न्यूज| सरायकेला गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर, कटिंगबेड़ा में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव केंदू के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दुर्योधन मंडल के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम किसी बात को लेकर दुर्योधन गुस्से में घर से निकल गया था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिवार और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने प्रदीप मंडल की जमीन पर पेड़ से शव लटका देखा और तत्काल इसकी सूचना गम्हरिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक रूप से मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग सदमे में हैं। पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच कर तथ्य शीघ्र ही सामने लाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *