एजुकेशन रिपोर्टर | रांची झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय (जेआरएसयू) में असिस्टेंट प्रोफेसर और सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष की नियुक्तियों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सहायक प्राध्यापक और सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष की नियुक्तियों को लेकर अनियमितताओं का मामला लोक भवन तक पहुंच गया है। राज्यपाल को भेजी गई शिकायत में बताया गया है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के विज्ञापन संख्या 02/2021 के तहत चयनित उम्मीदवारों के प्रमाण पत्र और योग्यता निर्धारित अर्हता के अनुसार नहीं है। इसलिए नियुक्ति मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि विश्वविद्यालय ने आपदा प्रबंधन कोर्स अनुमोदन गवर्निंग काउंसिल और एकेडमिक काउंसिल से नहीं है। इसके बावजूद इस कोर्स के लिए सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति कर दी। साथ ही, चयनित उम्मीदवारों के प्रमाण पत्रों की जांच नहीं की गई है। यह शिकायत रक्षा यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ सौरभ प्रताप सिंह ने की है। बताते चलें कि रक्षा शक्ति यूनिवर्सिटी में फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र मामले में रजिस्ट्रार और और असिस्टेंट रजिस्ट्रार बर्खास्त हो चुके हैं। इन दोनों की नियुक्तियां भी झारखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से हुई थी।


