फिर जोरों से पड़ने लगी ठंड सावधानी बरतने अपील की

भास्कर न्यूज | राजिम क्षेत्र में पिछले दो दिनों से एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह-शाम की ठंड लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही है। ठंड की इस वापसी से आम जनजीवन के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने लगा है। स्थानीय चिकित्सकों के अनुसार ठंड बढ़ने से सर्दी-खांसी, बुखार, वायरल संक्रमण, सांस संबंधी रोग, दमा, जोड़ों के दर्द और हृदय रोगियों की समस्याएं बढ़ने लगी हैं। खासतौर पर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में सर्दी-खांसी व बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। चिकित्सकों ने लोगों को ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने, सिर, कान और गले को ढंककर रखने, ठंडी हवा से बचने तथा सुबह-शाम बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही गर्म पानी पीने, पौष्टिक आहार लेने, धूप सेंकने और अनावश्यक रूप से ठंडे स्थानों पर जाने से बचने की भी अपील की गई है। प्रशासन भी सावधानी बरतने की अपील कर रही: ठंड को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। राजिम सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी ठंड का असर साफ देखा जा रहा है। खेतों में काम करने वाले किसान और मजदूर भी ठंड से खासे प्रभावित हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है, ऐसे में सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *