रजिस्टर में छुट्टी का आवेदन दबा कर स्कूली शिक्षक रहते हैं गायब

एजुकेशन रिपोर्टर | भिलाई छुट्टी का आवेदन लिखकर एक दिन पहले रजिस्टर में दबाकर शिक्षक चले जाते हैं और एक दिन बाद आकर पूरे दिन की उपस्थिति का हस्ताक्षर करते हैं। वहीं कई स्कूलों में शिक्षक बिना बताए गायब रहने लगे हैं। कुछ स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता खराब मिली है। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने इन प्रकरणों पर दुर्ग और पाटन के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों समेत दो स्कूल के प्राचार्य, दो प्रधान पाठक और 4 शिक्षकों को नोटिस जारी किया है। साथ ही एक शिक्षक के आदतन स्कूल नहीं आने की शिकायत पर उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्च विभाग को पत्र लिखा गया है। वहीं कुछ लोगों के एक-एक दिन का वेतन काटने के भी निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने असोगा मिडिल स्कूल में शिक्षक अनिता ठाकुर और ब्राह्माणी झा के नाम और प्राथमिक शाला में कीर्ति खेर और प्रतिमा रानी नाग आधे दिन की छुट्टी का आवेदन देखा। प्रधान पाठक ने अवकाश प्रविष्टि इसे नहीं लिखा था। रजिस्टर देखने पर पता चला कि शिक्षक अवकाश का आवेदन पत्र पहले लिखकर रजिस्टर में दबाकर जाते हैं और वापस आकर दूसरे दिन रजिस्टर में हस्ताक्षर करते हैं। इस पर बीईओ पाटन को नोटिस जारी कर इन शिक्षकों के एक दिन का वेतन काटने को कहा है। इसी तरह बोरई स्कूल को अव्यवस्थित और स्टॉफ के सदस्यों को पढ़ाना छोड़कर स्टॉफ रूम में बैठे पाया। स्कूल के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया। पुलगांव स्कूल में मध्याह्न भोजन गुणवत्ता विहीन और मीनू के अनुकुल नहीं मिला। इस पर प्रधानपाठक को नोटिस जारी किया गया। इससे पहले विकासखंड स्तरीय समिति बनाकर स्कूल का निरीक्षण करने के बाद भी गुणवत्ताहीन मध्याह्न भोजन पाए जाने पर बीईओ दुर्ग को नोटिस जारी किया गया है। पाटन के पोहा स्कूल में शिक्षक दुष्यंत चंद्राकर अनुपस्थित मिले। शाला प्रबंधन समिति ने उनके खिलाफ पढ़ाने में रुचि नहीं लेने, अधिकतर समय स्कूल से गायब रहने की शिकायत की। इस पर आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण को उच्च कार्यालय भेजा गया। बेल्हारी स्कूल में शिक्षक अनिता शर्मा एवं श्रद्धा शर्मा शिक्षक बिना आवेदन अनुपस्थित िमले। प्राथमिक स्कूल से कमलेश कुमार एवं चालेश कुमार सुबह 10.15 बजे तक उपस्थित नहीं हुए थे। गेट में ताला लगा था। बच्चे रोड में घूम रहे थे। अकतई स्कूल में प्रधान पाठक मनोज कुमार पाटिल और शिक्षक हितेश्वर पटेल सुबह 10.15 बजे स्कूल में नहीं मिले। इसी तरह ओदरा-गहन स्कूल में व्याख्याता ममता राजपूत और शिक्षक भूपेंद्र देवांगन बिना आवेदन स्कूल में अनुपस्थित मिले। प्रायोगिक कार्य भी अपूर्ण मिला। निपानी स्कूल में शिक्षक पढ़ाना छोड़कर अलग से दफ्तर में बैठे मिले। रानीतराई स्कूल में शिक्षक चेतन लाल अनुपस्थित मिले। सभी लोगों को नोटिस जारी किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *