पारा 11.8 डिग्री पर आया, अब सुबह 8 बजे तक रहती है धुंध

भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दो दिनों की राहत के बाद ठंड ने जोर पकड़ लिया है। बादल छंटने और हवा में नमी कम होने के साथ ही उत्तर–पश्चिम की शुष्क हवा के पहुंचते ही तापमान तेजी से नीचे आया और शीतलहर जैसे हालात बन गए। गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान गिरकर 11.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि दो दिन पहले यही तापमान 13.4 डिग्री था। बुधवार को भी पारा 12.5 डिग्री तक आ चुका था, लेकिन हवा में कंपकंपी उतनी महसूस नहीं हो रही थी। गुरुवार से हवा के रुख बदलते ही ठंड का असर बढ़ गया। हालत यह है कि सुबह 8 बजे धुंध रहता है और ठंड ज्यादा रहती है। दिन का अधिकतम तापमान भी घटकर 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले दिनों बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के चलते उत्तर दिशा से आने वाली शुष्क हवा रुक गई थी, जिससे ठंड में थोड़ी कमी महसूस हुई थी। लेकिन जैसे ही यह असर खत्म हुआ, उत्तर–पश्चिम की सर्द हवा ने प्रदेश में घुसना शुरू किया और तापमान में गिरावट दर्ज होने लगीइसी के कारण तापमान में लगातार गिरावट हो रही है और अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रहने की संभावना है। सुबह की गुलाबी धूप और सर्द हवा के बीच बलौदाबाजार की सड़कें, तापमान गिरते ही बढ़ी ठिठुरन। नवंबर माह में ही ठंड ने अपने तेवर दिखा दिए थे। शुरुआती 20 दिनों में ही न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक पहुंच गया था। पूरे नवंबर का औसत न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री रहा, जबकि सामान्य औसत 12.8 डिग्री होता है। इस प्रकार इस वर्ष नवंबर का पारा करीब 2 डिग्री नीचे रहा, जिसने दिसंबर की ठंड को और तेज करने की भूमिका पहले ही बना दी थी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एनपी थॉमस के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी समाप्त होने के बाद उत्तर–पश्चिम से शुष्क और ठंडी हवा का प्रवेश बढ़ा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *