रातापानी टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर पिकनिक मना रहे लोगों ने वनकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो वनरक्षक और एक नाकेदार गंभीर रूप से घायल हुए। घटना दाहोद के तूमडा खेड़ा बीट के कोर एरिया में हुई। वनकर्मी सचिन शर्मा ने बताया कि बाघ मूवमेंट वाले इलाके में 10 लोग अनाधिकृत रूप से घुसे थे। सचिन ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। इसी बच हमलावरों ने चौकी पहुंचकर सचिन शर्मा, दिनेश रघुवंशी और राम विलास कोरकू पर हमला किया। वनरक्षक ने बताया कि हमलावरों में नितिन नायक, राकेश नायक, आकाश नायक और महिलाएं शामिल थीं। ये सभी नशे में धुत थे। रातापानी टाइगर रिजर्व के प्रभारी डायरेक्टर हेमंत रैकवार ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


