रायपुर समेत कई शहरों में कार्रवाई:स्टील और जमीन के कारोबारियों के 50 ठिकानों पर आईटी छापा, देर रात तक जांच

आयकर विभाग की टीमों ने गुरुवार को प्रदेश के स्टील कारोबारियों, पावर प्लांट और जमीन की खरीद-फरोख्त से संबंधित लोगों के ठिकानों पर छापे मारे। देर रात तक यह कार्रवाई चलती रही। आयकर की जांच रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर के अलावा रायगढ़ में भी की जा रही है। एक कारोबारी हवाला से जुड़ा बताया गया है। विभाग की एक बड़ी टीम ने गुरुवार सुबह लगभग 100 से ज्यादा सशस्त्र जवानों के साथ ठिकानों को घेरा। रायपुर के सिलतरा में देवी स्पंज, ओम स्पंज और हिंदुस्तान क्वाइल में दबिश दी गई। अब तक विभाग ने छापों के बारे में कोई अधिकृत जानकारी नहीं है। इधर, सूत्रों के अनुसार, राजधानी में आयकर अधिकारी कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लेनदेन रजिस्टर और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच में लगे हैं। रायपुर के आनंदम निवासी विनोद सिंगला, रवि बजाज के घरों में भी आयकर छापों की जानकारी मिली है। दोनों एमएस पाइप निर्माण फैक्ट्री इस्पात इंडिया सिलतरा से जुड़े हैं। टीमों ने सभी फाइनेंशियल रिकॉर्ड, जमीन सौदों से जुड़े दस्तावेज और ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई टैक्स चोरी और अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर की गई है। पिछले तीन से पांच वर्षों के आयकर रिटर्न में बड़े अंतर को लेकर यह दबिश दी गई है। इन स्टील प्लांट के संचालक मैग्नेटो मॉल के पीछे सिग्नेचर होम में निवासरत हैं। प्लांट के संचालक विकास अग्रवाल, विपिन अग्रवाल और अरविंद अग्रवाल बताए गए हैं। वे रियल एस्टेट कारोबार से भी जुड़े बताए जाते हैं। कारोबारियों के सीए के यहां भी आयकर टीम पहुंची है। रायगढ़ के प्रतीक गोयल के यहां भी आयकर टीम जांच पड़ताल में लगी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *