मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान आज विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है। राज्य सरकार आगामी 10 दिसम्बर को प्रवासी राजस्थानी दिवस का भव्य आयोजन करने जा रही है। शर्मा ने विभिन्न राज्यों में पदस्थापित राजस्थानी मूल के अखिल भारतीय एवं विभिन्न केन्द्रीय सेवा अधिकारियों को आगामी प्रवासी राजस्थानी दिवस में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान को निवेश का हब बनाने में इनकी अहम भूमिका है। इन अधिकारियों के अनुभव, सुझाव और संपर्क राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण हैं। शर्मा गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभिन्न राज्यों में पदस्थापित राजस्थानी मूल के अखिल भारतीय एवं विभिन्न केन्द्रीय सेवा अधिकारियों के साथ प्रवासी राजस्थानी दिवस के संबंध में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। 7 लाख करोड़ रुपए के एमओयू धरातल पर उतरे उन्होंने कहा कि गत वर्ष राज्य सरकार द्वारा राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया गया था। इस समिट में 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू किए गए थे, जिनमें से 7 लाख करोड़ रुपए के विभिन्न कार्यों की ग्राउंड ब्रेकिंग की जा चुकी है। शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों ने मेहनत और उद्यमशीलता से विश्वपटल पर अपनी पहचान बनाई है।


