दौसा जिले में SIR का 100% डिजिटाइजेशन:जिला निर्वाचन अधिकारी ने टीम वर्क को सराहा; मतदाताओं एवं पूरी टीम को दी बधाई

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) अन्तर्गत दौसा जिले ने सौ फीसदी डिजिटाइजेशन कार्य पूरा कर उपलब्धि हासिल की है। जिला निर्वाचन अधिकारी देवेन्द्र कुमार ने इस अभियान से जुड़ी टीम के कार्य की सराहना करते हुए जिले के सभी मतदाताओं एवं टीम को बधाई दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन तथा त्रुटिरहित बनाना है ताकि प्रत्येक योग्य नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े। उन्होंने बताया कि यह कार्य 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर के दौरान पूर्ण करने का कार्यक्रम निर्धारित किया था, जिसमें मतदाताओं से परिगणना प्रपत्र (ईएफ) भरवाकर उन्हें डिजिटाइज कर आयोग की वेबसाइट पर अपलोड करना था। जिले की पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों ने निर्धारित समय सीमा से पहले 3 दिसम्बर को ही इस महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। कलेक्टर ने टीम वर्क की सराहना उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम भावना के साथ किए गए अथक प्रयासों का परिणाम है। राष्ट्रीय महत्व के निर्वाचन कार्य को सम्पन्न करने में लगे सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों की सराहना करते हुए सभी कार्मिकों एवं स्टाफ को धन्यवाद दिया, जिन्होंने दिन-रात मेहनत करते हुए यह लक्ष्य समय से पूर्व हासिल किया। यह उपलब्धि माइक्रो मैनेजमेंट से हासिल की। BLO की वर्किंग को सराहा जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले के बीएलओ ने जिस निष्ठा और तत्परता का परिचय दिया है, वह प्रशंसनीय है। अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफल बीएलओ को सम्मानित करने के साथ संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों को साझा किया, ताकि उनकी रणनीतियों का लाभ अन्य भी ले सकें। इस दौरान कार्मिकों के समर्पण के कई प्रेरक उदाहरण सामने आए। कार्य की पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए कई कार्मिकों ने स्वप्रेरणा से व्यक्तिगत स्तर पर मतदाताओं के फोटो संकलन की व्यवस्था की। उल्लेखनीय है कि दौसा जिला 3 दिसम्बर तक 100 प्रतिशत डिजिटाइज करने वाले बाड़मेर, सलूंबर, बालोतरा, झालावाड़, फलौदी, भरतपुर, चूरू एवं बारां जिलों में शामिल होकर आदर्श रूप में उभरा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *