कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) राघौगढ़ अमित सोनी ने क्षेत्र की उचित मूल्य दुकानें क्रमांक 21, 22 और 23 का अचानक निरीक्षण किया। दुकानों के नियमित रूप से नहीं खुलने की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान दुकानें बंद मिलीं। जब दुकान नंबर 22 को मौके पर खुलवाया गया तो गेहूँ बेहद खराब स्थिति में रखा मिला। साथ ही स्टॉक पंजी, वितरण रजिस्टर, राशन कार्ड रजिस्टर और बिलों का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था। कारण बताओ नोटिस जारी
दुकानों पर लगाए जाने वाले डिस्प्ले बोर्ड, दर सूची, मात्रा, दुकान का समय, लाइसेंस नंबर और संचालक का नाम भी नहीं मिला। साफ-सफाई और रिकॉर्ड रखने में भी लापरवाही सामने आई। इन अनियमितताओं पर एसडीएम ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। आगे जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान टीम ने बरखेड़ी रूठियाई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनुपस्थित मिलीं और रिकॉर्ड व्यवस्थित नहीं पाया गया। अधिकारियों ने स्टाफ को स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण कार्रवाई में नायब तहसीलदार रेनू कांसलीवाल, राजस्व निरीक्षक बबलू हिंडोलिया, पटवारी सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र बरखेड़ी रूठियाई के निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनुपस्थित मिलीं। केंद्र में प्रबंधन एवं उपस्थिति संबंधी रिकॉर्ड में भी अव्यवस्था देखी गई। जिसे सुधार करने निर्देश दिए गए।


