असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती पर बढ़ा असमंजस:हाईकोर्ट की रोक के बाद परीक्षा 7 दिसंबर से होगी या नहीं, अभ्यर्थी उलझन में, एडमिट कार्ड भी अपलोड नहीं

राजस्थान में कॉलेज शिक्षा विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा को लेकर परीक्षार्थी असमंजस में है। परीक्षा 7 से 20 दिसंबर तक प्रस्तावित है, लेकिन बुधवार को हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी। कोर्ट के आदेश के बाद भी आयोग ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि परीक्षा स्थगित होगी या तय कार्यक्रम के अनुसार ही ली जाएगी। अभ्यर्थियों में भ्रम इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि परीक्षा से ठीक पहले न एडमिट कार्ड जारी हुए, न ही आयोग की ओर से कोई आधिकारिक स्थिति सामने आई है। आरपीएससी ने 4 दिसंबर से एडमिट कार्ड अपलोड करने की बात कही थी, लेकिन हाईकोर्ट की रोक लगते ही यह प्रक्रिया ठप हो गई। अब तक एडमिट कार्ड जारी नहीं हुए है। परीक्षा की तारीख करीब होने के बावजूद स्पष्ट घोषणा न होने से अभ्यर्थी तैयारी और यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर दुविधा में हैं। हाईकोर्ट में यह रोक यदुराज और अन्य अभ्यर्थियों की याचिका पर लगी। जस्टिस अशोक कुमार जैन की अदालत ने कहा कि आरपीएससी पहले परीक्षा का सिलेबस जारी करे और सिलेबस जारी होने के 30 दिन बाद ही परीक्षा करवाई जा सकती है। आयोग ने सितंबर में भर्ती का विज्ञापन जारी किया था, लेकिन नया सिलेबस जारी नहीं किया गया। इसी आधार पर अदालत ने आरपीएससी सचिव को भी तलब किया था। अदालत के निर्देश के बाद अब परीक्षा का मौजूदा शेड्यूल टलने की पूरी संभावना है। उदयपुर में 13,440 अभ्यर्थी, फिर भी स्थिति स्पष्ट नहीं उदयपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी संख्या अभ्यर्थी परीक्षा के लिए तैयार हैं। यहां कुल 13,440 उम्मीदवार पंजीकृत हैं, जो सामान्य ज्ञान पेपर और वैकल्पिक विषयों के लिए परीक्षा देंगे। उदयपुर में बड़े पैमाने पर परीक्षा केंद्र भी तैयार किए गए हैं, लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि केंद्रों की तैयारियां भी अधर में लटक गई हैं। अभ्यर्थी लगातार आयोग की वेबसाइट और न्यूज़ अपडेट देख रहे हैं। 7 दिसंबर को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना है या नहीं, इसको लेकर उन्हें कुछ पता नहीं है। उदयपुर के कई अभ्यर्थियों ने बताया कि यात्रा, रहने और तैयारी से जुड़े फैसले रोक के बाद मुश्किल हो गए हैं। कई ने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए बुकिंग करवा ली थी, लेकिन परीक्षा की स्थिति साफ न होने से खर्च और समय दोनों पर असर पड़ रहा है। अभ्यर्थी यह भी कह रहे हैं कि इतनी बड़ी परीक्षा में अंतिम समय पर अनिश्चितता तनाव बढ़ा देती है। राजस्थान में स्थिति वैकल्पिक विषयों के पेपर सिर्फ जयपुर में होंगे, जिनके लिए 92,600 उम्मीदवार रजिस्टर्ड हैं। सामान्य ज्ञान पेपर में जयपुर में 42,348, उदयपुर में 13,440, अजमेर 8,555, भरतपुर 5,696, बीकानेर 9,906, जोधपुर 9,395 और कोटा 3,260 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड है। इस परीक्षा के लिए राजस्थान में कुल 298 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें 203 सरकारी और 95 निजी संस्थान है। अब तक परीक्षा पर बने असमंजस ने सभी केंद्रों की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *