बैतूल जिले के कोलगांव गांव में रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव नदी किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुकेश उइके (52), निवासी कोलगांव के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मुकेश उइके की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। वे सुबह शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। तलाश के दौरान उनका शव नदी किनारे पड़ा मिला, जिसे देखकर परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं। सूचना पर बैतूल बाजार थाना प्रभारी अंजना धुर्वे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक जांच में शव पर चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे आशंका है कि मौत प्राकृतिक हो सकती है। टीआई धुर्वे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


