सीकर जिले की तारपुरा हवाई पट्टी से उड़ान अभी संभव नहीं होगी। सीकर सांसद अमराराम के लोकसभा में पूछे गए सवाल पर केंद्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री ने ये जवाब दिया है। दरअसल सीकर जिले में स्थित एकमात्र स्थाई हवाई पट्टी से एयर टैक्सी शुरू करने की मांग लंबे समय से चल रही है। सीकर सांसद अमराराम ने लोकसभा में गुरूवार को तारपुरा हवाई पट्टी को अपग्रेड करने को लेकर लिखित प्रश्न पूछा था। सांसद अमराराम के प्रश्न के जवाब में केंद्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने जवाब दिया कि तारपुरा हवाई पट्टी पर एयर टैक्सी सेवा शुरू करने की केंद्र सरकार की अभी कोई योजना नहीं है। सांसद अमराराम ने गुरुवार को लोकसभा में पूछा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से तारपुरा हवाई पट्टी से हवाई सेवा शुरू करने की भी योजना है क्या? इस पर केंद्रीय विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि फ्लाइट्स सर्विस(एयरलाइन) शुरू करने के लिए सरकार ने 5 स्टेप्स में प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन तारपुरा हवाई पट्टी को अपग्रेड करने के लिए किसी तरह का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। इसलिए फिलहाल तारपुरा हवाई पट्टी से एयर टैक्सी सर्विस शुरू करने की कोई योजना नहीं है। गौरतलब है कि सीकर की तारपुरा हवाई पट्टी से लिमिटेड फ्लाइट्स शुरू करने के लिए पिछले एक दशक से मांग उठ रही है। शेखावाटी अंचल में एयर टैक्सी सेवा शुरू करने को लेकर 4 साल पहले पर्यटन मंत्रालय ने एयर टैक्सी सेवा के लिए सर्वे कराने का दावा किया था। लेकिन अभी तक इस प्रस्ताव पर मुहर नहीं लग सकी है। तारपुरा से एयर टैक्सी सेवा नहीं होने से खाटूश्यामजी, सालासर, राणी शक्ति, शाकंभरी, जीणमाता में हर साल आ रहे करोड़ों श्रद्धालुओं को जयपुर-दिल्ली जाकर फ्लाइट लेनी पकड़नी पड़ती है। शेखावाटी के लोग बड़ी संख्या में अरब देशों में काम करते हैं। यहां एयर टैक्सी सेवा शुरू होने पर इनको भी राहत मिल सकती है।


