इंदौर में हेलमेट के चालान से बचने के लिए एक व्यक्ति ने अपनी गाड़ी की सीरीज ही बदल दी। उसने अपने गाड़ी के नंबर पर काली टेप लगा दी। खुलासा तब हुआ जब ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोका और उसकी गाड़ी की नंबर प्लेट चेक की तो उन्हें शक हुआ, जिसके बाद उसके डॉक्यूमेंट्स चेक किए तो पूरा मामला सामने आया। ट्रैफिक पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है। दरअसल, इंदौर में ट्रैफिक पुलिस द्वारा हेलमेट को लेकर, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर, नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। शहर में अलग-अलग जगह ये कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी आनंद कलादगी के निर्देशन में ट्रैफिक पुलिस सुगम, सुरक्षित यातायात के लिए लगातार अभियान चला रही है। गुरुवार को रेडिसन चौराहे पर उपनिरीक्षक बलराम सिंह तोमर ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए एक बाइक सवार को रोका। गाड़ी का नंबर देख हुई शंका
तोमर ने जब उसकी बाइक की नंबर प्लेट देखी तो उस पर MP-09-ME-2163 लिखा हुआ था। नंबर प्लेट को देख शंका हुई तो उन्होंने गाड़ी का रजिस्ट्रेशन कार्ड चेक किया। रजिस्ट्रेशन कार्ड चेक पर पता चला कि गाड़ी का नंबर MP-09-MF-2163 है, लेकिन बाइक सवार ने MF को ME कर दिया था। उसने नंबर प्लेट पर काली टेप लगाकर F को E बना दिया था।
पूछताछ की तो पता चला कि चौराहों पर लगे कैमरे से हेलमेट का चालान या नियम तोड़ने पर उसका चालान ना बन जाए इसलिए उसने नंबर की सीरीज ही बदल दी। इस मामले में ट्रैफिक पुलिस ने बाइक को जब्त कर ट्रैफिक थाने में खड़ा करवाया है।


