शाजापुर में ट्रैफिक पुलिस का चेकिंग अभियान दूसरे दिन जारी:ओवर स्पीड चालकों पर कार्रवाई; चौराहों पर 200 से अधिक वाहनों के चालान काटे

शाजापुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस की ओर से विशेष चेकिंग अभियान दूसरे दिन भी जारी है। गुरुवार को शहर के विभिन्न चौराहों और प्रमुख मार्गों पर अभियान चलाकर करीब 200 वाहन चालकों के चालान काटे गए। शुक्रवार सुबह भी यह अभियान लगातार जारी रहा, जिसमें अब तक 40 से अधिक दोपहिया वाहन चालकों के चालान किए जा चुके हैं। इस अभियान के दौरान यातायात पुलिस बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई कर रही है और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दे रही है। वहीं, हेलमेट पहनकर सुरक्षित वाहन चलाने वाले चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित भी किया जा रहा है। नेशनल हाईवे पर ओवर स्पीड चालकों के चालान काटे इसके साथ ही, नेशनल हाईवे पर भी तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले चारपहिया वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अब तक 15 ओवरस्पीड चारपहिया वाहन चालकों के चालान किए गए हैं। यातायात थाना प्रभारी सौरव शुक्ला ने बताया कि यह अभियान सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान पुलिस को कुछ चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। चालान की कार्रवाई के दौरान नेताओं के फोन आने से पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाया जा रहा है, जिससे कार्रवाई प्रभावित हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *