सीधी हाई स्कूल प्रिंसिपल के घर EOW का छापा:50 सदस्यीय टीम तीन ठिकानों पर खंगाल रही बैंक डिटेल्स और प्रॉपर्टी रिकॉर्ड

सीधी में शुक्रवार सुबह हाई स्कूल के प्राचार्य अभिमन्यु सिंह के ठिकानों पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की। लगभग 50 सदस्यीय ईओडब्ल्यू टीम ने एक साथ तीन स्थानों, अमहा स्थित ऊंची हवेली, पुश्तैनी घर ग्राम मड़वास और कुसमी क्षेत्र में स्थित संपत्तियों की जांच के लिए छापामार कार्रवाई शुरू की। यह कार्रवाई सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई। बता दें कि जैसे ही टीम ने घर का दरवाजा खटखटाया, प्राचार्य अभिमन्यु सिंह दरवाजा खोला। इसके बाद करीब 13 सदस्यीय टीम अंदर दाखिल हो गई। इसी दौरान, अन्य ठिकानों पर भी अलग-अलग टीमें पहुंचीं, जहां पुलिस बल की सहायता से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई थी। ईओडब्ल्यू टीम के कार्यवाहक निरीक्षक हरीश त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्रवाई दो महीने पहले रीवा ईओडब्ल्यू कार्यालय में दर्ज हुई एक शिकायत के आधार पर की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह व्यापक छापामार अभियान शुरू किया गया। टीम प्राचार्य से जुड़े वाहनों के दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड, जमीन और मकान से संबंधित कागजात सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को कब्जे में ले रही है। निरीक्षक त्रिपाठी ने आगे बताया कि हम सुबह से छापामार कार्रवाई कर रहे हैं। अभी तक कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए जा चुके हैं और जांच की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। कार्रवाई पूरी होने तक टीमें विभिन्न ठिकानों पर तैनात रहेंगी। इस पूरी कार्रवाई में सीधी पुलिस लाइन में पदस्थ पुलिसकर्मी भी सहयोग कर रहे हैं। ईओडब्ल्यू टीम ने स्थानीय पुलिस अधीक्षक से आवश्यक सहायता मांगी थी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *