रामानुजगंज में नकली सिगरेट गिरोह का पर्दाफाश:ITC प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला, सिगरेट पैकेट खरीदकर जांच

रामानुजगंज में आईटीसी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि ऋषु मिश्रा ने एक बड़े नकली सिगरेट बनाने और बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में की, जिसके बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि रामानुजगंज बस स्टैंड स्थित जायसवाल पान भंडार (संचालन राज जायसवाल) में बड़े पैमाने पर नकली और ट्रेडमार्क का उल्लंघन करने वाली सिगरेट बेची जा रही हैं। उन्होंने खुद दुकान से कई सिगरेट पैकेट खरीदकर उनकी जांच की। जांच में “गोल्ड स्टेप” और “जीटीपीएल विमल” ब्रांड की सिगरेट मिलीं। इसके अलावा, नकली गोल्ड फ्लेक पैकेट भी मिले, जिनकी प्रिंट क्वालिटी बेहद खराब थी। “व्हाइट फ्लैश” ब्रांड को आईटीसी के “फ्लेक” ट्रेडमार्क का उल्लंघन करते पाया गया। ये सभी उत्पाद आईटीसी के कानूनी रूप से संरक्षित गोल्ड फ्लेक ट्रेडमार्क का सीधा उल्लंघन कर रहे थे। नकली सिगरेट बनाकर बाजार में बेच रहे शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ये नकली और उल्लंघनकारी सिगरेटें गोल्ड स्टेप टोबैको प्राइवेट लिमिटेड और ग्रीनकॉर्प एग्रो ट्री प्राइवेट लिमिटेड की ओर से तैयार की जा रही थीं। शिकायतकर्ता का कहना है कि ये सभी लोग मिलकर संगठित तरीके से नकली सिगरेट बनाकर बाजार में बेच रहे हैं। इन धाराओं के तहत केस दर्ज इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), ट्रेडमार्क अधिनियम, कॉपीराइट अधिनियम, कोटपा (COTPA) और विधिक माप विज्ञान अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) लागू होने की आशंका भी जताई गई है। आईटीसी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि, 27 वर्षीय ऋषु मिश्रा (निवासी छतरपुर एक्सटेंशन, नई दिल्ली) ने कहा कि नकली सिगरेटों का यह कारोबार उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ-साथ आईटीसी की बौद्धिक संपदा का गंभीर उल्लंघन है। इसलिए, इस मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई जरूरी थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *