भाजपा विधायक बोले-मेरी हत्या के लिए 25 पिस्टल खरीदीं:गाजियाबाद में कहा- सभी के मुखिया चीफ सेक्रेटरी; रोज 50 हजार गाय कट रहीं

‘देश के गृहमंत्री अमित शाह सरदार पटेल से भी बढ़कर काम कर रहे हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में धारा- 370 हटाई और एक भी पत्थर नहीं उठा। यह उनके बड़े काम हैं।’ यह बात गाजियाबाद (लोनी) से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने रविवार को कही। इससे पहले यूपी सरकार के मंत्री आशीष पटेल की तरह नंदकिशोर गुर्जर ने भी अपनी हत्या किए जाने की आशंका जताई। अपनी हत्या के लिए खरीदे गए हथियारों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि 9mm की 25 पिस्टल खरीदी जा चुकी हैं। पढ़िए दो दिनों से सरकार पर हमलावर भाजपा विधायक के बड़े बयान भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा- यूपी में गाय और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। रोजाना हजारों की संख्या में गोवध हो रहे हैं। बेटियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ रही हैं। पहले लोगों की गाय काटने की हिम्मत नहीं होती थी। आज हम दुखी हैं कि हमारी सरकार में रोज 50 हजार गाय कट रही हैं। सारी गाय साफ कर दी गई हैं। इसका मतलब है कि ये अधिकारी पैसा खा रहे हैं। चारों तरफ लूट मची है। मुख्यमंत्री तक सारी बातें पहुंचनी चाहिए। मेरी हत्या की तैयारी हो चुकी है
विधायक ने कहा- इन सबके मुखिया चीफ सेक्रेटरी हैं। कमिश्नर साहब बार-बार कहते हैं कि चीफ सेक्रेटरी बैठे हैं। ऐसे 300 विधायक घूमते रहते हैं। वो हमारी हत्या करा दें, उनके पास इतनी ताकत है। आज जो बात हम बोल रहे हैं, इस पर हमारी हत्या करा सकते हैं। उसकी तैयारी भी कर चुके हैं। 9mm की 25 पिस्टल खरीदी जा चुकी हैं। हमारा कमिश्नर और चीफ सेक्रेटरी से बैर नहीं है। ना उनसे मिले हैं और ना ही ज्यादा बात करते हैं। हम जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं। अमित शाह की तारीफ की
विधायक नंदकिशोर ने कहा- कश्मीर महर्षि कश्यप की भूमि है। वहीं उनका आश्रम है। उन्होंने वहीं तप किया था। कश्मीर नाम उन्हीं के नाम पर पड़ा है। उनके संकल्प को पूरा करने का काम गृहमंत्री अमित शाह ने किया है। उनकी बात का हम अभिनंदन करते हैं। गृहमंत्री ने ऐतिहासिक काम किया है। कश्मीर में 370 हटाकर दलित समाज को बाबा साहब का जो सपना था, उसे पूरा करने का काम गृहमंत्री ने किया है। उनको अधिकार दिलवाया है। सीएम योगी अच्छे आदमी हैं
विधायक ने कहा- सीएम योगी अच्छे आदमी हैं। वो अपनी जबान के पक्के हैं, लेकिन लगता है कि नीचे के अधिकारी उनकी बात सुन नहीं रहे। ये अफसर गाजियाबाद नहीं छोड़ना चाहते, क्योंकि यहां उनकी कमाई ज्यादा होती है। गाजियाबाद में ज्यादा राजस्व मिलता है। मंत्री आशीष पटेल ने भी लगाया था हत्या करने का आरोप
योगी सरकार के आशीष पटेल भी STF पर अपनी हत्या करने का आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि मेरा नाम आशीष पटेल है। आप लोगों के पैर में गोली मारा करते हैं। यदि आपमें ताकत है तो मैं आपको मेरे सीने पर गोली मारने की चुनौती देता हूं। अखिलेश यादव ने कसा तंज
भाजपा विधायक के आरोपों का वीडियो शेयर करते हुए सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने X पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- यूपी बीजेपी सरकार में दो राजधानियों (दिल्ली-लखनऊ) के बीच आपस में ही आरोपों की तलवारें खिंची हैं। किसी भाजपाई मंत्री के या किसी भाजपाई विधायक के ही कंधे पर बंदूक रखकर, कोई भाजपाई ही कहीं दूर से निशाना साध रहा है। सत्ता की इस रस्साकशी में जनता और सरकारी कामकाज पिस रहा। अधिकारी इनके घर्षण की आग में अपनी रोटी सेंक रहे हैं। दरअसल, ये जो लड़ाई है, उसका कारण भ्रष्टाचार की कमाई है, जिस पर सब एकाधिकार जमाना चाहते हैं। ————————- यह खबर भी पढ़ें मौलाना बोले- वक्फ की जमीन पर हो रहा महाकुंभ, मुसलमानों ने टेंट लगाने से नहीं रोका, बाबा लोग भी बड़ा दिल दिखाएं ‘महाकुंभ का आयोजन वक्फ की 54 बीघा जमीन पर हो रहा है। हमने कोई आपत्ति नहीं की। दूसरी तरफ अखाड़ा परिषद और दूसरे बाबा लोग मुसलमानों के प्रवेश पर पाबंदी लगाने की बात कर रहे हैं। उनको भी बड़ा दिल दिखाना चाहिए।’ प्रयागराज महाकुंभ में मुसलमानों की एंट्री पर विवाद के बीच ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने बरेली में यह बात कही। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *