आलीराजपुर में एसपी ने किया जनरल परेड का निरीक्षण:कमजोर टर्न आउट वाले कर्मचारियों को सुधार के लिए दी चेतावनी

आलीराजपुर स्थित परेड ग्राउंड में आज शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने जनरल परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान संतोषजनक टर्न आउट न मिलने पर कुछ कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी दी गई। परेड में जिले के सभी थानों, रक्षित केंद्र, यातायात शाखा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और विसबल के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। परेड का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की अनुशासनात्मक स्थिति, प्रशिक्षण की गुणवत्ता, टर्न आउट, शारीरिक क्षमता और प्रशासनिक दक्षता का आकलन करना था। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक इनोद रंधावा ने निर्धारित ड्रिल के अनुरूप परेड को सलामी कमांड दी। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के टर्न आउट का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उत्कृष्ट टर्न आउट वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया, जबकि संतोषजनक टर्न आउट न मिलने वालों को सुधार के लिए अंतिम चेतावनी दी गई। निरीक्षण के दौरान पुलिस डॉग पीटर ने भी अभ्यास किया, जिसके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर डॉग मास्टर को पुरस्कृत किया गया। परेड के बाद, पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को स्वास्थ्य, अनुशासन और व्यक्तिगत सुरक्षित व्यवहार संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने सभी से नशे से पूरी तरह दूर रहने, ड्यूटी और निजी जीवन में हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने, योगाभ्यास को अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने और प्रतिदिन सुबह-शाम पैदल भ्रमण कर स्वयं के स्वास्थ्य का ध्यान रखने पर जोर दिया। इसके उपरांत, पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली का भी निरीक्षण किया। थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सितोले की उपस्थिति में पुलिस हेल्पडेस्क, थाना परिसर की स्वच्छता, जल व्यवस्था, शस्त्रागार, मालखाना, हवालात और हेलमेट बैंक जैसी विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय अवलोकन किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित या आगंतुक को सम्मानपूर्वक बैठाया जाए और उनकी शिकायत को संवेदनशीलता के साथ सुनकर विधिसम्मत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। थाना परिसर में स्वच्छता और अनुशासित व्यवस्था पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी और उनके अधीनस्थ स्टाफ की सराहना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *