महाकाल क्षेत्र में बदमाश का जुलूस निकाला गया:रंगदारी फैलाने का है आरोपी, एक युवक को चाकू भी मार चुका

महाकाल थाना क्षेत्र में एक युवक को चाकू मारने वाले बदमाश धर्मेंद्र योगी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसका जुलूस निकाला। बदमाश पर क्षेत्र में रंगदारी फैलाने और दहशतगर्दी का आरोप है। पुलिस ने उसे उसी क्षेत्र में उठक-बैठक भी लगवाई, जहां वह लोगों को डराता था। यह घटना 25 नवंबर को हुई थी, जब फरियादी शशांक परिहार अपनी दुकान से जा रहे थे। बदमाश धर्मेंद्र योगी ने उन्हें रोककर शराब पीने के लिए 200 रुपए मांगे। शशांक के मना करने पर, बदमाश ने चाकू से उनकी जांघ पर वार कर दिया और फरार हो गया। शशांक की रिपोर्ट पर पुलिस ने धर्मेंद्र योगी के खिलाफ मामला दर्ज किया। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बदमाश के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर धर्मेंद्र पिता प्रेमनारायण योगी उर्फ पप्पू निवासी कतिया बाखल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद, पुलिस ने बदमाश धर्मेंद्र का महाकाल क्षेत्र में जुलूस निकाला। जिस क्षेत्र में वह दहशत फैलाता था, वहीं पर उसका जुलूस निकालने और उठक-बैठक करवाने का लोगों ने वीडियो भी बनाया। थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि धर्मेंद्र योगी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ महाकाल थाने में पहले से 22 मामले दर्ज हैं। बदमाश को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *