उमा भारती ने शादियों में फिजूलखर्ची पर साधा निशाना:बोलीं- करोड़ों की डांसर बुलाने से अच्छा गरीब बेटियों की शादी कराएं

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने टीकमगढ़ में नेताओं और उद्योगपतियों की शादियों में होने वाली फिजूलखर्ची पर तंज कसा है। अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आजकल शादियां मैरिज गार्डन में हो रही हैं और इनमें अत्यधिक खर्च किया जा रहा है। भारती ने कहा कि बड़े-बड़े उद्योगपति शादियों में करोड़ों रुपए देकर डांसर बुलाते हैं। इतने पैसे में हजारों गरीब बेटियों के विवाह कराए जा सकते हैं। उन्होंने नेताओं से बार-बार आग्रह किया कि वे दिखावा न करें, क्योंकि उनकी इज्जत पहले से ही है। उन्होंने यह भी कहा कि नेता अक्सर ‘दो नंबर का पैसा’ खपाने के लिए फिजूलखर्ची करते हैं। उद्योगपतियों की शादी में जाना बंद किया भारती ने बताया कि उन्होंने उद्योगपतियों की शादियों में जाना बंद कर दिया है और अपने गार्ड को ऐसे निमंत्रण पत्र स्वीकार न करने का निर्देश दिया है। उमा भारती ने कहा कि देश में यह प्रतिस्पर्धा आ गई है कि किसके पास ज्यादा सुविधाएं हैं। इससे बच्चे हीन भावना से ग्रस्त हो रहे हैं कि वे कमजोर हैं। यह देखकर माता-पिता प्रतिस्पर्धा करते हैं और बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए भ्रष्टाचार करना शुरू कर देते हैं, जबकि सीमित साधनों में भी काम चलाया जा सकता है। उन्होंने नेताओं से शादियों में फिजूलखर्ची बंद करने का आह्वान किया, क्योंकि दिखावे से भ्रष्टाचार बढ़ता है। सीमित साधन से क्रांति आएगी भारती ने कहा, “अगर हम सीमित साधनों में काम चलाना शुरू कर दें तो यह भ्रष्टाचार के खिलाफ एक क्रांति होगी। पहले ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ कहा था, अब ‘भ्रष्टाचारी भारत में रहो, लेकिन सुधर जाओ’ कहना होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार मिटाने के लिए अगले 10 साल तक प्रधानमंत्री मोदी का पद पर रहना आवश्यक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *