जोधपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की 8 फ्लाइट रद्द:यात्रियों ने किया हंगामा, कहा- अगर फ्लाइट नहीं उड़ानी थी तो पहले ही बता देते

जोधपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को यात्रियों के लिए दिन मुश्किलों भरा साबित हुआ। इंडिगो एयरलाइंस की 8 उड़ानें रद्द होने से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। जोधपुर से मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद रूट की फ्लाइट्स कैंसिल होने के बाद सैकड़ों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। यात्रियों ने एयरलाइन के काउंटर पर हंगामा भी किया और जानकारी मांगी कि अचानक उड़ानें क्यों रद्द कर दी गईं। सुबह से पहुंचे यात्री, निराश लौटे कई यात्री सुबह से एयरपोर्ट पर फ्लाइट का इंतजार करते रहे, लेकिन घंटों बाद जब उड़ानें रद्द होने की जानकारी मिली, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यात्रियों का कहना था कि उन्हें अंतिम समय पर कैंसिलेशन की सूचना दी गई, जिससे उनकी आगे की योजनाएं पूरी तरह बिगड़ गईं। दैनिक भास्कर से बात करते हुए मेडिकल स्टूडेंट अर्चना सोलंकी ने बताया कि सोमवार को उनके एग्जाम है। इसके लिए पुणे के कॉलेज में एग्जाम देने जा रही थी। उन्होंने 4 दिसंबर की फ्लाइट पहले दो बार डिले बताई गई, फिर शाम को कैंसिल कर दी गई। आज यानी 5 दिसंबर की फ्लाइट कन्फर्म बताई गई थी, लेकिन यहां पहुंची तो पता चला वो भी रद्द है। अब कहा जा रहा है कि 8 दिसंबर तक कोई फ्लाइट नहीं चलेगी। अगर उड़ान नहीं चलानी थी तो पहले ही बता देते। अब मेरी स्टडी और एग्जाम दोनों प्रभावित हो गए हैं। कोई मैसेज तक नहीं आया पोकरण से आए इंटीरियर डिजाइनर अय्यूब खान ने कहा आज मेरी फ्लाइट थी, लेकिन यहां आने पर पता चला कि कैंसिल है। इंडिगो को चाहिए था कि कम से कम मैसेज से जानकारी दे देता, जिससे यूं बेवजह सफर न करना पड़े। नोखा मंडी से आए नमकीन व्यापारी जगदीश चौधरी ने भी बताया कि उन्हें पुणे जाना था। इसके लिए दो दिन पहले टिकट बुक की थी। न कोई कॉल आया, न मैसेज। यहां पहुंचकर पता चला फ्लाइट रद्द है। चार दिन से प्रभावित हैं इंडिगो ऑपरेशंस देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो बीते चार दिनों से क्रू मेंबर की कमी का सामना कर रही है, जिसके चलते कई रूटों पर फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हो रहे हैं। एयरलाइन सूत्रों ने बताया कि नई ड्यूटी टाइम नियमावली, विंटर सीजन में बढ़े एयर ट्रैफिक और कुछ एयरपोर्ट्स पर तकनीकी दिक्कतों ने स्थिति और बिगाड़ दी है। अन्य एयरलाइन ने बढ़ाया किराया इधर इंडिगो की फ्लाइट रद्द होने की वजह से दूसरी एयरलाइन कंपनियों ने अपना किराया बढ़ा दिया है। जिन्हें जल्दी अपने गंतव्य तक पहुंचना है उन्हें अब बढ़ा हुआ किराया चुकाना पड़ रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *