घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा सम्मान:राहवीर योजना पर SP ने पुलिसकर्मियों को दिया ट्रेनिंग; बोले- ट्रैफिक नियमों का पूरा ज्ञान रखें

बड़वानी पुलिस सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर ने पुलिस ग्राउंड में पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षित ड्राइविंग और राहवीर योजना पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी राहवीर योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को ‘गोल्डन आवर’ में तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत, घायल व्यक्ति की मदद करने वाले ‘राहवीरों’ को सम्मान, प्रशंसा पत्र और प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इसका लक्ष्य आमजन को निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करने के लिए प्रेरित करना है। पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक नियमों का ज्ञान जरूरी पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा, सुरक्षित ड्राइविंग, दुर्घटना प्रबंधन, एम्बुलेंस को समय पर सूचना देने और घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष मार्गदर्शन दिया। उन्होंने जोर दिया कि पुलिसकर्मियों को स्वयं यातायात नियमों का पूरा ज्ञान होना चाहिए, ताकि वे जनता को सही दिशा-निर्देश दे सकें। योजना की मुख्य विशेषताओं में घायल की जान बचाने वाले राहवीर को 25,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि और प्रशंसा पत्र देना शामिल है। एक व्यक्ति एक वर्ष में अधिकतम पांच बार यह पुरस्कार प्राप्त कर सकता है। यदि सहायता करने वाले एक से अधिक व्यक्ति हों, तो राशि बराबर बांटी जाएगी, और पुरस्कार सीधे राहवीर के बैंक खाते में PFMS के माध्यम से जमा किया जाएगा। पुरस्कार प्राप्त करने के लिए कुछ शर्तें निर्धारित की गई हैं। इनमें दुर्घटना स्थल पर रुककर तुरंत एम्बुलेंस को कॉल करना, घायल व्यक्ति को अस्पताल तक पहुंचाने में सक्रिय सहायता देना और यह सहायता निस्वार्थ भाव से करना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया:
1. घटना की सूचना पुलिस को देने वाले राहवीर का विवरण डॉक्टर की ओर से सत्यापित कर अधिकृत पावती जारी की जाएगी।
2. यदि राहवीर घायल को सीधे अस्पताल पहुंचाता है, तो अस्पताल संबंधित थाना को सूचना देगा।
3. थाना इस पावती की प्रतिलिपि जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति को भेजेगा।
4. समिति मासिक समीक्षा के बाद प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेजेगी। मूल्यांकन समिति:
1. अध्यक्ष – कलेक्टर
2. सदस्य – जिला मजिस्ट्रेट, SP, CMHO, RTO
3. राज्य स्तरीय समिति वर्षभर में 3 सर्वश्रेष्ठ राहवीरों का चयन करेगी।
4. राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिवर्ष 10 श्रेष्ठ राहवीर सम्मानित किए जाएंगे। योजना का महत्व:
1. यह योजना आम नागरिकों को “गुड समैरिटन” बनने के लिए प्रेरित करती है।
2. सड़क सुरक्षा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करती है।
3. प्रशिक्षण और योजना का संयोजन जनता में जागरूकता, सक्रिय योगदान और सामाजिक जिम्मेदारी बढ़ाता है। पुलिस अधीक्षक बड़वानी जगदीश डावर ने अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने में कभी हिचकिचाएं नहीं। आपकी तत्परता किसी की जान बचा सकती है और आपको एक सच्चा ‘राहवीर’ बना सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *