खरगोन में महिलाओं ने खेत में छिपाई शराब नष्ट की:कलेक्टर से शिकायत के बाद आबकारी विभाग ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया

खरगोन जिले में महाराष्ट्र सीमा से सटे नीमखेड़ा और मिटावल क्षेत्रों की महिलाओं ने अवैध शराब के खिलाफ प्रदर्शन किया। शुक्रवार को उन्होंने खेतों में ड्रमों में भरकर छिपाई गई शराब को नष्ट कर दिया और जमकर नारेबाजी की। महिला शक्ति जिंदाबाद और पीने वाले मुर्दाबाद.. के नारे लगाए। महिलाओं ने कलेक्टर से क्षेत्र में शराब बिक्री रोकने की मांग की थी। उनका आरोप था कि अवैध शराब के कारण असमय मौतें हो रही हैं, घरों में विवाद बढ़ रहे हैं और नई पीढ़ी बर्बाद हो रही है। उन्होंने दो दिन पहले जनसुनवाई में भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। महिलाओं के इस विरोध के बाद आबकारी विभाग की टीम ने उप निरीक्षक सार्थक वर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई की। विभाग ने क्षेत्र में 17 स्थानों पर छापे मारे और 11 लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 14 क्विंटल महुआ लहान सहित लगभग डेढ़ लाख रुपए मूल्य की सामग्री जब्त की गई। गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि वे क्षेत्र में अवैध कच्ची-पक्की शराब के निर्माण और बिक्री को बर्दाश्त नहीं करेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *