सिंगरौली में ग्रामीणों ने किया बैढ़न-परसोना रोड जाम:बोले- अंगूठा लगवा लेते हैं, लेकिन 4 महीने से राशन नहीं मिला

सिंगरौली के नौगढ़ क्षेत्र में उचित मूल्य दुकान की अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार बृजेश कुमार साह पिछले चार माह से उन्हें राशन नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार बिना राशन दिए ही उनसे अंगूठा लगवाकर राशन जारी करवा लेते हैं। इस अनियमितता से नाराज होकर हजारों की संख्या में ग्रामीण बैढ़न-परसोना मुख्य मार्ग पर उतर आए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लगभग दो घंटे तक चले इस जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार सविता यादव, कोतवाली टीआई अशोक सिंह परिहार, उपनिरीक्षक उदय चंद्र करिहार और चौकी प्रभारी खुटार शीतला यादव सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। प्रदर्शनकारी ग्रामीण महिला रेनू शाह ने बताया, “कोटेदार द्वारा अंगूठा लगवा लिया जाता है, लेकिन राशन नहीं दिया जाता। हम चार महीने से परेशान हैं, जिससे बच्चों के लिए खाने का संकट खड़ा हो गया है।” अन्य ग्रामीणों ने भी समान आरोप लगाते हुए कोटेदार को हटाने की मांग की। इस मामले पर खाद्य अधिकारी पीसी चंद्रवंशी ने जानकारी दी कि विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, उचित मूल्य दुकान पर हर महीने का राशन भेजा जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि ग्रामीणों को वास्तव में राशन नहीं मिला है, तो मामले की जांच कर तथ्य सामने लाए जाएंगे और दोषी कोटेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में उचित मूल्य दुकानों की निगरानी व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *